बागपत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बागपत पहुंचे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर यहां बागपत के पुलिस लाइन में सुबह साढ़े दस बजे उतरा। मुख्यमंत्री पुलिस लाइन से मवीकलां गांव, सीएचसी बागपत व कलक्ट्रेट सभागार में जाएंगे।
इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था का खाका भी तैयार किया गया। सीएम यहां पर खिलाड़ियों से भी मुलाकात करेंगे। वहीं बागपत पुलिस लाइन में भाजपा नेताओं ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत। मवीकलां पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
मुख्यमंत्री गाजियाबाद हिंडन एयरपोर्ट से हेलीकाप्टर से सुबह 10.30 बजे पुलिस लाइन में उतरेंगे। पुलिस लाइन से मुख्यमंत्री सुबह 10.40 बजे गांव मवीकलां में किसान इंटर कालेज में मल्टीस्पोर्टस स्टेडियम का निरीक्षण करेंगे और जिले के अर्जुन अवार्डी व अन्य खेलों के खिलाड़ियों से बात करेंगे। इसके बाद सुबह 11.10 बजे मुख्यमंत्री बागपत सीएचसी का निरीक्षण करेंगे।
सीएचसी में हेल्थ एटीएम का उद्घाटन करने के बाद मरीजों से वार्ता करेंगे। मुख्यमंत्री 11.35 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों व प्रबुद्धजन से संवाद करेंगे। इसके बाद विकास कार्यों व कानून व्यवस्था को लेकर कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे। दोपहर 1.40 बजे मुख्यमंत्री गौतमबुद्धनगर के लिए रवाना हो जाएंगे। प्रशासन ने मल्टी स्पोर्टस स्टेडियम, सीएचसी व कलक्ट्रेट में सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। सुरक्षा के दृष्टि से पुलिस बल तैनात है।
मुख्यमंत्री रविवार को पुलिस लाइन से सीधे मवीकलां में किसान इंटर कालेज के खेल मैदान का निरीक्षण करेंगे। साथ ही अर्जुन अवार्डी खिलाड़ियों के अलावा अन्य खिलाड़ियों से वार्ता करेंगे। इसी के चलते शनिवार को खेल मैदान को दुरुस्त करने व कालेज के भवन पर पेंट करने में कर्मचारी जुटे रहे। कालेज में पहुंचे डीएम राजकमल यादव ने एसडीएम खेकड़ा अजय कुमार को अपनी मौजूदगी में सेफ हाउस बनवाने और अन्य व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
परिसर में हथकरघा के उत्पाद की स्टाल भी लगाई जाएगी। ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि परमेंद्र धामा, पूर्व ब्लाक प्रमुख जितेंद्र धामा, ग्राम प्रधान दीपक आदि मौजूद रहे। यहां से मुख्यमंत्री योगी सीएचसी बागपत का निरीक्षण करेंगे। कर्मचारियों ने दीवारों को पेंट कराया व मार्गों के गड्ढे भरवाएं। पेड़ों की छंटाई कराई गई।
सीएमओ डा. दिनेश कुमार व बागपत सीएचसी अधीक्षक डा. विभाष राजपूत तैयारी करने में जुटे रहे। को निर्देशित किया। सीएचसी के गेट पर एक दुकान के बाहर लगा अल्ट्रासाउंड का पोस्टर हटवाया। हेल्थ एटीएम को रखने का इंतजाम कराया गया।
कलक्ट्रेट में मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसे लेकर कलक्ट्रेट में जहां साफ-सफाई कराई गई। वहीं अनावश्यक प्रचार होर्डिंगों को हटवाया गया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए परिसर में रंगबिरंगे शामियाने लगवाए गए। भवन को दुल्हन की तरह सजाया दिया गया। हाईवे के दोनों ओर उगी झांडियों को कटवाया गया। डिवाइडर के बराबर में पड़ी मिट्टी को उठवाकर सफाई कराई गई। हाईवे से पुलिस लाइन तक सफाई कराई गई।
मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ विकास कार्यों व कानून व्यवस्था को लेकर बैठक करेंगे। इसे लेकर अधिकारी व कर्मचारी फाइलों को दुरुस्त करने में जुटा रहा। इस बार बारिश कम होने से सूखे से प्रभावित किसानों का ब्योरा तलाशने में तंत्र जुटा रहा। देर रात्रि तक अधिकारी व कर्मचारी तैयारी करने में जुटे रहे।
बागपत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा के लिए पुलिस अफसरों ने अभेद किला तैयार किया है। दूसरे जनपदों से पुलिस अधिकारी व कर्मचारी पहुंच चुके हैं। ड्यूटी चार्ट तैयार हो गया है। पुलिस महकमा तैयारियों में लगा है। डीएम राजकमल यादव व एसपी नीरज कुमार जादौन सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री की सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं खुफिया तंत्र सक्रिय है। हर गतिविधियों पर नजर लगाए हुए है।