मुजफ्फरनगर में नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद निवासी शौकत सोमवार सुबह नमाज पढ़ने जा रहा था। उसी समय गांव निवासी रिजवान ने अपने साथियों के साथ उसे मारपीट कर घायल कर दिया। शौकत किसी तरह जान बचाकर अपने घर पहुंचा और स्वजन को सूचना दी। इसके चलते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और फायरिंग हुई। फायरिंग होने से गांव में अफरातफरी मच गई।
सूचना पाकर सीओ मंडी हिमांशू गौरव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से चार लोगों को दबोच लिया। उधर, छर्रे लगने से शौकत, रिजवान, नोशाद और सद्दाम घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ से नोशाद और सद्दाम को मेरठ रैफर कर दिया।
इंस्पेक्टर सुशील सैनी ने बताया कि शनिवार को रिजवान पक्ष कि एक लड़की ने शौकत पक्ष के चार लोगों के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके अलावा एक मकान को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही है। पूर्व में भी दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। अभी तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।