मुजफ्फरनगर. देवबंद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली में मांगपत्र देने जा रहे कांग्रेस फिशरमैन के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एक बजे हिरासत में लेने के बाद सैकड़ों कार्यकर्ताओं को मुचलके पर शाम पांच बजे रिहा किया गया। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई।

उत्तर प्रदेश फिशरमैन कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र कश्यप के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता देवबंद जाने के लिए सहारनपुर बस अड्डे पर एकत्र हुए। यह लोग ट्रैक्टरों और निजी वाहनों पर सवार होकर देवबंद जाने की तैयारी में थी। इसी बीच सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार के नेतृत्व में शहर कोतवाली, सिविल लाईन पुलिस के साथ सभी को घेर लिया। देवेंद्र कश्यप ने कहा कि वह मुख्यमंत्री को अपनी मांगों का ज्ञापन देना चाहते हैं। पुलिस ने जब रोकने का प्रयास किया तो फिशरमैन कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कार्यकर्ताओं को प्राइवेट बस और अन्य वाहनों से पुलिस लाईन पहुंचाया गया। इस बीच कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। शाम पांच बजे तक सभी को पुलिस की हिरासत में रखा गया। इसके बाद मुचलके पर छोड़ दिया गया।

फिशरमैन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र कश्यप ने कहा कि उनके कार्यकर्ता आनंद कश्यप को पुलिस ने बुड़ीना कलां से रात में ही उठा लिया। वह पूरी रात भूखा प्यासा रहा। हंगामे के बाद पुलिस ने उसे छोड़ा।हिरासत में लेने के दौरान महिला कार्यकर्ताओं को जबरन बस में धकेला गया। प्रशासन के पास महिला पुलिस नहीं होने के कारण इन महिलाओं को पुरुष पुलिसकर्मियों ने ही गाड़ी में डाल दिया।