मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में सांय 4.20 पर अजीब प्रकृति का नजारा देखने को मिला। अचानक आई धूल भरी आंधी के बाद अंधेरा छा गया। शाम के समय भरी धूप के दौरान अचानक से अंधेरा छाने से लोगों को भी काफी आश्चर्य हुआ। धूल भरी आंधी के बाद अचानक से तेज बारिश शुरू हुई। तापमान में गिरावट से लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन दिन में ही अंधेरा छाने की घटना लोगों के लिए काफी कौतूहल का विषय बनी।
दिन में हुई रात, बच्चों में घबराहट
तेज आंधी के बाद बादलों ने सूरज को अपनी आगोश में ले लिया। आसमान में छाए काले बादलों के चलते अचानक से अंधेरा छा गया। यह नजारा जिसने भी देखा वही आश्चर्य से भर गया। सायं के समय अचानक हुई इस प्रकृतिक घटना ने बच्चों के लिए भी घबराहट पैदा कर दी।
बाजार से घरों की और दौड़े लोग
अचानक आंधी और फिर बारिश के साथ दिन में ही अंधेरा छाने की घटना ने लोगों को परेशान किया। बाजार में खरीदारी को निकले लोगों के लिए मुश्किल खड़ी हो गई। दिन में रात और बारिश से घबराए लोग बाजार छोड़कर घरों की और दौड़ पड़े।
बारिश से तापमान मे गिरावट
अचानक से बारिश के चलते तापमान में गिरावट महसूस की गई। लोगों को गर्मी से निजात तो मिली लेकिन दूसरे दिन भी ईद का मजा ले रहे लोगों के सामने दिक्कत भी महसूस हुई। कुछ अभिभावक अचानक अंधेरा छाने से घबराकर ट्यूशन गए अपने बच्चों को लेने के लिए भी दौड़े।
बारिश के साथ बत्ती हुई गुल
शहर में तेज आंधी के बाद बारिश शुरू हो गई। कहीं कहीं ओलावृष्टि की सूचना है। बारिश शुरू होते ही अचानक पूरे शहर की बत्ती गुल हो गई। हांलाकि ऊर्जा निगम के अधिकारियों को कहना है कि बारिश में कोई फाल्ट न हो इसे देखते हुए 33 केवीए की लाइन बंद कर दी गई है। करीब 30 मिनट की बारिश तथा आंधी के बाद रोशनी में थोड़ा सुधार हुआ है। अंधेरा छटने लगा है।