मंगलवार रात काली नदी किनारे एक किशोर का शव जला दिया गया। उसका सिर व अवशेष पुलिस ने बरामद किए हैं। जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। माना जा रहा है कि किशोर की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के लिए यहां शव को जला दिया गया।

शामली रोड पर काली नदी के किनारे बुधवार सुबह कुछ लोग जा रहे थे। उन्होंने काली नदी किनारे कपड़े पड़े होने के साथ ही कुछ दूरी पर एक युवक का जला शव पड़े होने की सूचना शहर कोतवाली पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कपड़े लापता गौरव के पाए, जबकि कुछ दूरी पर जला शव लगभग 16 वर्षीय किशोर का था। पुलिस को मौके पर जले किशोर का सिर मिला, लेकिन बाकी का शरीर जल चुका था और पुलिस ने उसके अवशेष बरामद किए।

वहीं एक बार तो कपड़े देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने जला शव भी गौरव का मान लिया था, लेकिन देखने पर ऐसा नहीं पाया। पुलिस ने सिर व अवशेष कब्जे में ले लिए। जहां पुलिस ने एक किशोर के जले अवशेष मिलने की बात कहीं है, वहीं लोगों का मानना था कि संभवत: किसी ने किशोर की हत्या कर दी और सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर जला दिया।

शव जलाने के लिए लकड़ी का भी प्रयोग नहीं किया गया। बल्कि केरोसिन आदि तेल का प्रयोग किया गया। यह काम भी किसी ने रात के अंधेरे में किया है। शहर कोतवाली पुलिस का कहना है कि अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। शिनाख्त के लिए डीएनए की भी कार्रवाई कराई जाएगी।