मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में जिला अस्पताल के सामने स्थित ट्रांसपोर्टर के चौकीदार का शव ट्रांसपोर्ट कार्यालय के अंदर फांसी पर लटका मिला। सुबह ट्रांसपोर्टर ने मामले की सूचना थाना सिविल लाइन पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जिला अस्पताल के सामने अशोका ट्रांसपोर्ट कंपनी है। ट्रांसपोर्ट पर पिछले 35 साल से त्रिलोकचंद पुत्र गोपाल चौकीदारी का कार्य करता था। गुरुवार सुबह ट्रांसपोर्ट संचालक ऑफिस पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि चौकीदार का शव कमरे में फांसी पर लटका हुआ है। चौकीदार को लटका हुआ देखकर उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल के पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। कच्ची सड़क चौकी इंचार्ज अमरेश कुमार का कहना है कि त्रिलोक पिछले कई सालों से ट्रांसपोर्ट कंपनी में नौकरी करता था। वह ट्रांसपोर्ट के ऊपर बने कमरे में रहता था। ट्रांसपोर्ट संचालक को उसके परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। आत्महत्या के पीछे क्या कारण रहा है। इसकी जांच की जा रही। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।