मुजफ्फरनगर। आचार संहिता हटते ही अब शहर में विकास कार्य रफ्तार पकड़ेंगे। इसी माह 17 करोड़ रुपये की लागत से एक साथ 160 सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। नगर पालिका बोर्ड पहले ही इन सड़कों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर चुका है। आचार संहिता लागू होने के बाद टेंडर प्रक्रिया अधर में लटक गई थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।

शहर में बोर्ड फंड राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत सबसे अधिक 102 सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। इन सड़कों के निर्माण पर आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे। सभासदों के प्रस्ताव पर प्रत्येक वार्ड में सड़क का निर्माण हो रहा है। 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत शहर में 23 सड़क बनाई जाएंगे। इन सड़कों के निर्माण के टेंडर की प्रक्रिया भी चल रही है, जो जल्द पूरी हो जाएगी। इन सड़कों के निर्माण पर छह करोड़ रुपये खर्च होंगे।

नगर पालिका की अवस्थापना विकास निधि से 17 सड़कें बनेंगी। इनकी ई निविदा निकल चुकी है। टेंडर की प्रक्रिया अंतिम स्थिति में है। इन सड़कों के निर्माण पर एक करोड़ पांच लाख रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना में 18 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इनकी तकनीकी बिड एवं वित्तीय बिड खोली जानी है। प्रक्रिया तेजी के साथ चल रही है। इन सड़कों के निर्माण पर दो करोड़ रुपये खर्च होंगे।

एई निर्माण अखंड प्रताप ने बताया कि सभी निर्माण कार्यों के टेंडर की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। जल्द ही शहर में ये निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएंगे।