तितावी (मुजफ्फरनगर)। सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद क्षेत्र के गांव जलालपुर में गम का माहौल है। सुबह से ही पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचे तो पीड़ित परिवार बिलख उठे। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

गांव जलालपुर निवासी पूनम देवी अपने दो बेटों अंकुर व मनोज, देवर वजिस और पारिवारिक सदस्य विनीत के साथ गाजियाबाद में रह रहे अपने पति जय कुमार से मिलकर बोलेरो से लौट रही थी। किसी को भी नहीं पता था कि रास्ते में हादसा हो सकता हैं। रास्ते में चालक विनीत को नींद की झपकी लगने पर गाड़ी डिवाइडर से टकराते हुए सड़क किनारे खडे़ पेड़ से जा टकराई। इसमें पूनम सहित तीन लोगों की मौत हो गई।

बताया गया कि जय कुमार गाजियाबाद में दूध फैक्टरी और उनके दो बेटे मनोज व अंकुर पिलखवा में नौकरी करते हैं। सोमवार को उनके बेटों के साथ वहां कोई विवाद हो गया था। इसकी सूचना पाकर पूनम देवी अपने देवर वजिस व पारिवारिक सदस्य विनीत के साथ शाम लगभग पांच बजे बेटों के पास जाने के लिए चली थी। तीनों लोग पिलखवा से दोनों भाइयों को साथ लेकर गाजियाबाद जय कुमार के पास पहुंचे थे। वहां से रात में वापस घर के लिए चले थे।

मंगलवार की शाम परिजन तीनों शवों को लेकर गांव में पहुंचे। बाद में गांव के एक ही श्मशान में तीनों शवों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। गांव में शोक छाया है।

इस हादसे में मृतक पूनम देवी के दो बेटे मनोज व अंकुर घायल हुए थे। उपचार दिलाने के बाद परिजन उन्हें भी घर ले गए। मृतक सदस्यों के घर सात्वंना देने वालों का तांता लगा हुआ हैं।