रांची. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 जुलाई को देवघर, बाबा बैद्यनाथधाम आगमन के पहले ही झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साहिबगंज को बड़ी खुशखबरी दी है। सीएम ने साहिबगंज रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के नजदीक पथ ऊपरी पुल (आरओबी) के निर्माण के लिए 38 करोड़ 24 लाख 78 हज़ार 944 रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इसी राशि में भू अर्जन और पहुंच पथ का निर्माण खर्च भी शामिल है। इस राशि में राज्यांश के 23 करोड़ 41 लाख 68 हजार 682 रुपए (भू अर्जन सहित) के वहन की स्वीकृति और उक्त राशि (भू अर्जन राशि को छोड़कर) की अग्रिम निकासी करते हुए रेल मंत्रालय को उपलब्ध कराने को भी स्वीकृति दे दी गई है। इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 जुलाई को देवघर दौरे के मद्देनजर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को देवघर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्‍होंने सर्किट हाउस, देवघर में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में वरीय अधिकारियों के साथ पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को भोलेनाथ की पावन नगरी देवघर आ रहे हैं। यहां वे देवघर एयरपोर्ट और एम्‍स का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही पीएम मोदी 16000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्‍यास भी करेंगे। प्रधानमंत्री देवघर में करीब 4 घंटे तक रुकेंगे। देवघर में पीएम मोदी के आगमन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पीएम के आगमन पर यहां एक लाख दीप जलाने से लेकर पुष्‍पवर्षा तक तमाम इंतजाम किए गए हैं। भाजपा सांसद निशिकांत दूबे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देवघर आगमन को लेकर खासे उत्‍साहित हैं। उन्‍होंने ट्विटर पर उनके संसदीय क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए पीएम मोदी की शान में कसीदे पढ़े।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जुलाई को झारखंड दौरे पर देवघर आ रहे हैं। वे देवघर में इंटरनेशनल हवाई अड्डा का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही राज्य की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का आनलाइन शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इनमें पलामू प्रमंडल की भी कई योजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी गढ़वा-महुरिया (66 किमी) रेलमार्ग दोहरीकरण परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

इसका निर्माण 866 करोड़ की लागत से हुआ है। यह रेल लाइन झारखंड और यूपी के बीच गढ़वा और महुरिया को जोड़ता है। इसके चालू हो जाने के बाद उद्योगों और बिजली घरों के लिए माल की निर्बाध आवाजाही सुगम बनाने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरिहरगंज से पड़वा मोड़ के बीच (एनएच-98) और रेहला-गढ़वा बाइपास फोरलेन परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इन दोनों परियोजनाओं की लागत डेढ़ हजार करोड़ से ज्यादा है। भारत माला परियोजना के तहत इसका निर्माण किया जा रहा है।