मुजफ्फरनगर। नगर पालिका के प्रत्येक वार्ड में अब तेजी के साथ विकास कार्य होंगे। 15वें वित्त की धनराशि से प्रत्येक वार्ड में 12 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे। इसी के साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था को भी प्रशासन ने अपने कंट्रोल में ले लिया है। कूड़ा डलावघर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पालिका के वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया गया है।
बृहस्पतिवार को नगर पालिका के नोडल अधिकारी एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि डीएम सीबी सिंह की कार्ययोजना के हिसाब से प्रत्येक वार्ड बराबर के विकास कार्य होंगे। 15 वें वित्त का जो पैसा जारी हुआ है, इसमें प्रत्येक वार्ड में 12-12 लाख खर्च किए जाएंगे। किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं होगा। अब कोई सभासद यह शिकायत भी नहीं कर पाएगा कि उसके वार्ड में कार्य नहीं हुआ है।
एडीएम ने बताया कि शहर में कूड़ा निस्तारण की समस्या को प्रशासन ने प्राथमिकता में लिया है। किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो इसके लिए तकनीक का सहारा लिया गया है। नगर पालिका का प्रत्येक वाहन जीपीएस सिस्टम से लैस किया जा रहा है। सभी 70 वाहनों के मीटर ठीक कराए गए हैं। शहर के सभी 42 डलाव घरों पर सीसीटीवी लगाकर लिंक पालिका और कोविड सेंटर से जोड़ा गया।
नगर पालिका के अधिकारी प्रत्येक डलाव घर की स्थिति को अपने ऑफिस में बैठकर देख सकते हैं। इसी तरह प्रशासनिक अधिकारी कोविड कंट्रोल रूम से सफाई व्यवस्था पर निगरानी रख पाएंगे। एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि पालिका मेें डलाव घरों से कूड़ा उठाने के लिए इस समय तीन जेसीबी है। अब दो जेसीबी और खरीदी जा रही हैं।