क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर 5 करोड़ 90 लाख कीमत की एक ब्रांडेड कंपनी की नकली सिगरेट बरामद किया है। ट्रक चालक और उसके साथी के खिलाफ थरवई पुलिस ने फर्जीवाड़ा और सिगरेट व अन्य तंबाकू अधिनियम 2003 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है कि नकली सिगरेट की फैक्ट्री कहां पर है? उसके मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि पुलिस को एक इनपुट मिला था। इसी आधार पर क्राइम ब्रांच ने थरवई थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध ट्रक को चेकिंग के लिए रोका। उस ट्रक में पेरिस ब्रांड की नकली सिगरेट की 29.70 लाख पीस मिले। इसकी वर्तमान कीमत 5 करोड़ 90 लाख रुपये है। पुलिस ने नकली सिगरेट बेचने के आरोप में आंध्र प्रदेश निवासी सत्यनारायण और अल्ला नवी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि यह सिगरेट मलेशिया व इंडोनेशिया की ब्रांड कंपनी है। बिहार के मुजफ्फरनगर स्थित एक फैक्ट्री में इसे तैयार किया गया था। इसे आंध्र प्रदेश में सप्लाई करना था। वहां पर इसकी काफी डिमांड है। प्रयागराज पुलिस ने बिहार पुलिस को भी सूचना दे दी है। पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल नंबर की मदद से फैक्ट्री संचालित करने वालों की तलाश चल रही है।