मुजफ्फरनगर। किसान महापंचायत को लेकर बड़ी संख्या में लोग पंचायत स्थल पर पहुंच गए हैं। पंजाब, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसानों का आगमन जारी है। हुक्का गुडगुडाते और भंडारे में चाय नाश्ता व भोजन करते किसानों में जबर्दस्त उत्साही है। अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल व अर्ध सैन्य बलों के जवान खुद एसएसपी की निगरानी में व्यवस्था में लगे हुए हैं। तमाम सड़कों पर वाहनों के कारण जाम के हालात भी नजर आने लगे हैं।
कल से ही किसानों के आगमन के क्रम के चलते शहर की सड़कों का नजारा शनिवार को पूरी तरह से बदला बदला सा नजर आया। पांडाल और सड़कों तक किसानों के जत्थे सोते या हुक्का गुडगुडाते दिखाई दिए। महापंचायत में शामिल होने के लिए पहुंचे किसानों के लिए शहर में ताम स्थानों पर भंडारों में भीड़ नजर आ रही है। महापंचायत में शामिल होने के लिए पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के किसान लगातार पहुंच रहे हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसान बसों से पहुंचते रहे। राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी आवासीय व्यवस्था में जुटे रहे। किसानों ने सरकुलर रोड पर भंडारों के अलावा ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भंडारे शुरू हुए तो सड़क की एक लेन जाम हो गई। खुद एसएसपी अभिषेक यादव ने तमाम स्थानों पर व्यवस्था देखी और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।