मेरठ। भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने सोमवार को मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में तहसील व कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर सरकार पर किसान विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कृषि नीति की प्रतियां जलाईं। किसानों को कहना है कि सरकार किसान विरोधी रवैया अपना रही है। जगह-जगह प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की गई। इस दाैरान किसानों की पुलिस से नोकझों व धक्कामुक्की भी हुई। मेरठ में सरधना, मवाना और सदर तहसील में भाकियू कार्यकर्ता और किसानों ने पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया।
बागपत तहसील में भाकियू कार्यकर्ताओं ने कृषि नीति की प्रतियां जलाकर नारेबाजी की। भाकियू के जिला प्रवक्ता हिम्मत सिंह ने बताया कि सरकार किसानों को फसलों का सही दाम दे, एमएसपी कि गारंटी, गन्ना का उचित भाव दे, किसानों कि जो बीमा फसली योजना हैं बीमा कंपनी उसका किसानों को समय पर पैसा दे। इस दाैरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने तहसील में प्रदर्शन कर सरकार पर किसान विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कृषि नीति की प्रतियां फूंकीं। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पश्चिमी उत्तर प्रदेश सचिव दिनेश कुमार, जिला सचिव मदन सिंह, महेंद्र सिंह, ऋषि पाल के नेतृत्व में किसानों ने तहसील पहुंचकर धरना दिया।
प्रदर्शनकारी किसानों ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर किसान विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कृषि बिल का विरोध किया। सरकार की किसान विरोधी नीतियों पर जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी किसानों ने कृषि नीति की प्रतियां फूंकीं। मौके पर तैनात पुलिस ने किसानों को प्रतियां फूंकने से रोका लेकिन किसानों ने जबरन प्रतियों को आग के हवाले कर दिया।
मुजफ्फरनगर में भाकियू टिकैत ने जिले खतौली, जानसठ, सदर और बुढ़ाना तहसील में धरना प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने अभी तक गन्ना मूल्य की घोषणा नहीं की है। एमएसपी लागू होनी चाहिए। जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने बताया कि कृषि नीति की प्रतियां जलाई गई है। किसान इस तरह की नीति को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
शामली जिले की तीनों तहसील शामली कैराना और ऊन पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने नई कृषि नीति के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान नई कृषि नीति की प्रतियां फूंकी गईं। इस दौरान किसानों ने कहा कि नई कृषि नीति का क्या लाभ है जबकि अभी तक गन्ने का भाव भी घोषित नहीं किया गया।
ऊन में नई कृषि नीति के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर नई कृषि नीति की प्रतियां जलाकर प्रदर्शन किया।
मेरठ में किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं और किसानों ने प्रदर्शन किया। भाकियू ने राष्ट्रीय नेतृत्व के आव्हान पर सरधना तहसील में तहसील अध्यक्ष सरधना देशपाल हुड्डा के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए स्थानीय समस्याओं पर ध्यान खींचा। इस दाैरान राष्ट्रीय कृषि नीति रूपरेखा की प्रति जलाकर उसके प्रति अपना विरोध दर्ज कराया गया।