मुजफ्फरनगर। जिले की चीनी मिले किसानों को इस सत्र का 31 अरब 41 करोड़ 22 लाख 98 हजार भुगतान कर चुकी है। सहकारी चीनी मिल मोरना और भैसाना चीनी मिल पर किसानों का 262 करोड़ बकाया है।

जिले की आठ चीनी मिलों में किसानों ने सत्र 2021-22 में 34 अरब तीन करोड़ 43 लाख 89 हजार रुपये का गन्ना सप्लाई किया था। इनमें सबसे ज्यादा गन्ना सात अरब 77 करोड़ 53 लाख का खतौली चीनी मिल में डाला गया। यह मिल किसानों का समस्त भुगतान कर चुकी है। दूसरे नंबर पर टिकौला में पांच अरब 73 करोड़ एक लाख का गन्ना डाला गया। यह मिल भी समस्त भुगतान कर चुकी है।

तितावी चीनी मिल पांच अरब 58 करोड़ और मंसुरपुर मिल पांच अरब दस करोड़ का समस्त भुगतान कर चुकी हैं। इसके अलावा खाईखेड़ी और रोहाना भी समस्त भुगतान कर चुकी है। सहकारी चीनी मिल मोरना इस बार फिसड्डी चल रही है। मोरना चीनी मिल पर 28.51 करोड़ और भैसाना चीनी मिल पर 233 करोड़ बकाया है। डीसीओ आरडी द्विवेदी का कहना है कि नए सत्र से पहले किसानों का समस्त भुगतान हो जाएगा।