नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस परेड के बीच राजधानी में अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शनकारी किसानों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शनकारी किसान टैक्टरों से बैरिकेड तोड़ते हुए राजधानी में आईटीओ तक पहुंच गए हैं। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने यहां किसानों पर लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। खबर है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने बसों और पुलिस के वाहनों में तोड़फोड़ की।

वहीं, एनएच-24 पर भी किसान रास्ते में बैरिकेड तोड़ अक्षरधाम मंदिर की तरफ बढ़ रहे हैं। रास्ते में प्रदर्शनकारियों ने हुड़दंग भी किया। इन लोगों पुलिस की गाड़ियों के शीशे भी तोड़ डाले। राजधानी के करनाल बाईपास पर प्रदर्शनकारी किसानों के साथ ही घुड़सवार निहंग पुलिस बैरिकेड पर टूट पड़े। किसानों व निहंगों ने पुलिस बैरिकेड तोड़फोड़ करते हुए खूब हंगामा किया। वहीं, पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

नांगलोई में प्रदर्शनकारी किसानों को रोकने के लिए पुलिसवाले खुद जमीन पर बैठ गए। यहां से किसानों के जत्थे नजफगढ़ की ओर तय रूट पर जाने की बजाय रोहतक रोड पर पीरागढ़ी की ओर बढ़ रहे हैं। बहादुरगढ़ से पीरागढ़ी मेट्रो सेवा तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई। पीरागढ़ी सहित इस रूट पर लगने वाले सभी स्टेशनों को बंद कर दिया गया है। प्रदर्शनकारी राजधानी के मकरबा चौक पर पुलिस के वाहन पर चढ़ गए। इसके बाद उन लोगों ने पुलिस के बैरिकेड हटा दिए।

दिल्ली मेट्रो ने किसानों की ट्रैक्टर परेड और पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के बाद अपने कई स्टेशनों के गेट बंद कर दिए हैं। दिल्ली मेट्रो ने ट्वीट कर बताया कि समयपुर बादली, रोहिणी सेक्टर 18/19, हैदरपुर बादली मोड़, जहांगीर पुरी, आदर्शनगर, आजादपुर, मॉडल टाउन, जीटीबी नगर, विश्वविद्यालय, विधानसभा और सिविल लाइन्स, इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दिए हैं। वहीं, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पांडव नगर के निकट भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। किसानों की ट्रैक्टर परेड का समय गणतंत्र दिवस परेड के बाद का तय किया गया है।


नोएडा के चिल्ला बॉर्डर पर स्टंट करने के दौरान एक ट्रैक्टर पलट गया। इसमें दो लोग घायल हो गए। बाद में लोगों ने मिलकर इसे सीधा खड़ा किया। ट्रैक्टर पलटने के बाद वहां कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। इससे पहले ट्रैक्टर परेड निकाल रहे किसानों की सुबह दिल्ली पुलिस के साथ झड़प हो गई। प्रदर्शनकारी किसानों ने पुलिस की तरफ से लगाए गए बैरिकेडों को तोड़ दिया। इसके बाद किसान राजधानी में प्रवेश कर गए। इससे पहले किसानों की ट्रैक्टर रैली को रोकने के लिए राजधानी के करनाल बाईपास पर रातोंरात अस्थायी दीवार खड़ी कर दी गई। इससे पहले किसानों की ट्रैक्टर परेड के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को अलग से एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को आगाह किया है कि वे ट्रैक्टर परेड के रूट के आस-पास से ना गुजरें, वरना दिक्कत हो सकती है। किसान ट्रैक्टर परेड यूपी गेट से अक्षरधाम तक ले जाने पर अड़े रहे। गतिरोध बना रहने के कारण सोमवार शाम दिल्ली पुलिस ने यूपी गेट बॉर्डर पर दिल्ली की तरफ से आने वाले रास्ते को बंद कर दिया। गाजियाबाद की तरफ आने वाले ट्रैफिक को गाजीपुर की तरफ से डायवर्ट किया गया है। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में समारोह के अलावा किसानों की ट्रैक्टर रैली होने के बावजूद आप दिल्ली के रोजमर्रा की तरह बिना किसी रुकावट के जा सकेंगे। शहर के सरहौल, महरौली, कापसहेड़ा सहित दूसरे बॉर्डर पॉइंट्स पर ऐहतियात के तौर पर पुलिस तैनात कर दी गई है। नाकेबंदी की गई है। लेकिन ट्रैफिक के लिए किसी प्रकार की रोकटोक नहीं है। केवल ट्रैक्टर रैली के लिए जाने वाले बॉर्डर से नहीं जा सकेंगे।

दिल्ली पुलिस से इजाजत मिलने के बाद आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसान दिल्ली में ’ट्रैक्टर परेड’ निकाल रहे हैं। इसके लिए किसानों ने सभी जगहों पर पुलिस के बैरिकेड्स तोड़कर दिल्ली की सीमाओं में दाखिल होना शुरू कर दिया है। सिंघु, टिकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों ने दिल्ली पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ दिए हैं और दिल्ली में दाखिल हो गए हैं। ऐसा की कुछ नजारा गुरुग्राम में फरीदाबाद में भी देखा जा रहा है। आपको बता दे कि इससे पहले किसानों ने परेड के लिए ट्रैक्टरों को साफ कर चमकाया है। तिरेंगे और बैनर लगाए गए हैं। गणतंत्र दिवस समारोह और किसानों की प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड के मद्देनजर राजपथ और राष्ट्रीय राजधानी की कई सीमाओं पर हजारों सशस्त्र सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। तीन विवादित कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान संघों ने कहा था कि उनकी परेड मध्य दिल्ली में प्रवेश नहीं करेगी और यह गणतंत्र दिवस पर होने वाली आधिकारिक परेड के समापन के बाद ही शुरू होगी। संघों ने दावा किया था कि उनकी परेड में करीब दो लाख ट्रैक्टरों के हिस्सा लेने की उम्मीद है और यह सिंघू बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर तथा गाज़ीपुर (यूपी गेट) से रवाना होगी।

इस बीच दिल्ली में दाखिल हुए किसानों ओर पुलिस के बीच टकराव की खबरे हैं। दिल्ली केः संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में किसानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। सिंघु बॉर्डर से किसान की ट्रैक्टर रैली यहां पहुंची थी। आनंद विहार में भी किसानों पर लाठीचार्ज किया गया।