मुजफ्फरनगर। मौसम में बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मुजफ्फरनगर में सुबह से देर रात तक तेज हवा चलती रही। इससे गेहूं की अगेती फसल और सरसों को नुकसान की संभावना है। दिन में कई बार बूंदा-बांदी और शाम के समय तेज बारिश हुई। इसके अलावा चरथावल के गांव रोनीहरजीपुर में ओलावृष्टि हुई, जिससे गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान पहुंचे की संभावना है।

बारिश के चलते सर्दी बढ़ गई है। खेतों में सरसों की फसल पकी हुई है। ऐसे में बारिश और तेज हवा से सरसों को नुकसान हो सकता है। शाम के समय घने काले बादल आए और तेज हवा चलने लगी। इसके बाद आधा घंटे तक लगातार बारिश हुई। बारिश और तेज हवा के चलते मौसम में अचानक परिवर्तन हो गया है। शाम के समय बारिश और तेज हवा के चलते बाजार समय से पहले बंद हो गए। जिले में अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

जिले में किसानों की सरसों की फसल खेतों में तैयार खड़ी है। कुछ किसानों ने सरसों काटकर खेत में ही सुखा रखी है। बारिश और तेज हवा से किसानों की सरसों की फसल प्रभावित होगी। जिले में गेहूं की फसल देर से पकती है, गेहूं को बारिश से लाभ ही होगा।

क्षेत्र के गांव पलड़ी के प्रधान मोनू सैनी के खेत में आकाशीय बिजली गिरने से उसकी गन्ने की फसल जल गई। मोनू सैनी ने बताया कि बीती रात करीब दस बजे उसके गन्ने के खेत में आकाशीय बिजली गिर गई। इसमें उसकी हजारों रुपये की कीमत की गन्ने की फसल जल गई। पास ही स्थित एक कोल्हू पर कार्य कर रहे कर्मचारी भी गन्ने के खेत में आकाशीय बिजली गिरने से सहम गए और उन्होंने इसकी सूचना गांव प्रधान को दी। इसके बाद गांव प्रधान परिजनों व ग्रामीणों के साथ अपने खेत पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।