खतौली। गांव मढ़करीमपुर में गंधक पोटाश की नाल चलाकर धमाका करने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इस दौरान मारपीट के बाद पथराव हो गया। जिसमें दोनों पक्षों से महिलाओं समेत नौ लोग घायल हो गए।
दिवाली पर्व पर देर शाम कुछ युवक गंधक पोटाश से भरी नाल चलाकर धमाका कर रहे थे। इससे तेज आवाज और धुंआ फैल रहा था। इस दौरान युवकों को धमाका करने से मना करने पर कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। इसके बाद पथराव किया गया।
एक पक्ष से बतूनी, दीपक, मनीष, जोगेंद्र, कृष्णा तथा दूसरे पक्ष से मनदीप, हिमांशी, रजत, सतबीर घायल हो गए। दो पक्षों में मारपीट और पथराव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में उपचार दिलाया। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
सीओ राम आशीष यादव ने बताया कि गांव में शांति है। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों से सात लोगों का शांति भंग करने के आरोप में एक पक्ष से जोगेंद्र आदि चार लोगों तथा दूसरे पक्ष से मनदीप आदि तीन लोगों का चालान किया हैं।