मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र के गांव शेखपुरा के तालाब में शुगर मिल का पानी आने से तालाब की मछलियां मर गईं। मत्स्य पालक ने शुगर मिल के खिलाफ पुलिस समेत आलाधिकारियों को शिकायत करने की बात कही है।
गांव शेखपुरा के तालाब में गांव भलवा निवासी सदाकत बेग मछली पालन कर रहा है। दो दिन पूर्व शुगर मिल से आ रहा नाला चोक हो गया और नाला खोलने के लिए मिल कर्मचारियों ने नाले का पानी तालाब में डाल दिया, जिससे तालाब में मछलियां मर गई।
मत्स्य पालक का आरोप है कि मिल कर्मचारियों को तालाब पर बैठे चौकीदार ने पानी डालने से मना किया था, जिस पर उन्होंने चौकीदार को धमका कर जबरन पानी डाल दिया। मछलियां मरने से उसे काफी नुकसान हुआ है। इस संबंध में पुलिस समेत आलाधिकारियों को शिकायत की जाएगी।
वहीं शुगर मिल के उपाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि मिल बंद है। मिल की कालोनी का पानी अलग नाले में बहता है। फिर भी वह इस मामले को दिखवाएंगे। फैक्टरी का पानी तालाब में नही जाता है। पानी निकासी के लिए नाला अलग बना हुआ है।