नई दिल्ली। उत्तरी सिक्किम में आज सुबह कुदरत का कहर तबाही बनकर बरसा। बादल फटने के कारण नदी में बाढ आ गई, जिसके चलते सेना के 23 जवान लापता बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि उत्तरी सिक्किम में बुधवार को ल्होनक झील के ऊपर बादल फटने से भीषण बाढ़ आ गई। बाढ़ के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है।

बताया जा रहा है कि अचानक बादल फटने से तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ गया। इसके बाद एक बांध का पानी छोड़े जाने पर नदी का जलस्तर और ज्यादा बढ़ गया और कई इलाकों में पानी भर गया। बाढ के हालात के चलते कई पुल बह गए और सडके पानी से भर गई।

चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नीचे के इलाकों में 15-20 फीट की ऊंचाई तक जलस्तर बढ़ गया। सैन्य प्रतिष्ठान भी इस बाढ़ की चपेट में आ गए। सिंगतम के पास बारदांग में खड़े सेना के वाहन डूब गए।

सेना के 23 जवानों के लापता होने की खबर भी सामने आ रही है। इन जवानों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू हो चुका है। सिक्किम के कई इलाकों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है।