सहारनपुर| उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य हरीश रावत ने आसपा अध्यक्ष चंद्रशेखर के आवास पर पहुंच उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि यह कायराना हरकत और मनोबल तोड़ने की साजिश है। इसकी तह तक जाकर जांच होनी चाहिए।
बुधवार दोपहर चंद्रशेखर के यहां पहुंचे हरीश रावत ने पौना घंटा तक बंद कमरे में मुलाकात की। इसके बाद वे कुछ देर समर्थकों के साथ बैठे। इस दौरान उन्होंने कहा कि चंद्रशेखरपर हमला कायरना हरकत है। चंद्रशेखर समाज में बढ़ता हुआ युवा है। यह हमला इसका मनोबल तोड़ने की साजिश है। उन्होंने कहा कि संविधान में सबको बराबर का अधिकार है। यह बात उन लोगों को समझनी होगी जो सत्ता पाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।
इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस की भगवानपुर उत्तराखंड की विधायक ममता राकेश, चौ. राज सिंह साध, रुड़की महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय महासचिव मुजतबा मलिक, सहारनपुर जिलाध्यक्ष मुजफ्फर चौधरी, मेहरबान आलम, हसीब मलिक, कांग्रेस नेत्री उमा भूषण आदि मौजूद रहे।
रालोद की युवा इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मीरापुर विधायक चंदन चौहान ने भी चंद्रशेखर के आवास पर पहुंच उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि यह हमला चंद्रशेखर द्वारा लडी जा रही वंचित समाज की लड़ाई को रोकने की साजिश का हिस्सा है। रालोद इसमें चंद्रशेखर के साथ खड़ा है। इस दौरान भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन, आसपा के विधिक सलाहकार संदीप कांबोज, सतीश रावत आदि मौजूद रहे।