मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही पाला बदलने का खेल शुरू हो गया है। जिले के चार नगर पंचायत अध्यक्ष भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इनमें दो बुधवार को लखनऊ में पार्टी की सदस्यता लेंगे, जबकि दो को बाद में बुलाया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी ने इसकी पुष्टि की है।

निकाय चुनाव में इस बार भाजपा का जादू नहीं चला था, लेकिन चुनाव के बाद निकायों में फिर से भाजपा का असर नजर आएगा। सिसौली से नगर पंचायत अध्यक्ष चुनी गई सुभाषिनी देवी के पति पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र सिंह भाजपा का दामन थाम सकते हैं।

उनके अलावा आम आदमी पार्टी के टिकट पर शाहपुर के चेयरमैन चुने गए हाजी अकरम के भी भाजपा में शामिल होने की संभावना है। दोनों लखनऊ में भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं। उधर, दो नगर पंचायतों के अध्यक्ष ने हामी भर दी है, उनके लिए बाद में समय तय किया जाएगा।