नई दिल्ली. एशिया कप में भारत का आखिरी मुकाबला अफगानिस्तान के साथ था। टूर्नामेंट के लिहाज से इस मैच का कोई महत्व नहीं था, क्योंकि फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमें पहले ही तय हो चुकी हैं, लेकिन विराट कोहली ने इस मैच को अपने लिए खास बना लिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में पहली बार शतकीय पारी खेली और कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। उन्होंने 1020 दिन बाद शतक लगाया और अपने 71वें शतक का वर्षों से चला आ रहा इंतजार खत्म किया। शतक पूरा करने के बाद उन्होंने अपनी अंगूठी चूमी और यह पारी पत्नी अनुष्का और बेटी वामिका को समर्पित की। यहां हम उनकी शतकीय पारी के खास लम्हें तस्वीरों में दिखा रहे हैं।

इस मैच से पहले विराट कोहली ड्रिंक पीते नजर आए। यह ड्रिंक सामान्य था, जो एथलीट आमतौर पर पीते रहते हैं, लेकिन इसके बाद विराट ने जो पारी खेली, वह सामान्य नहीं थी। उन्होंने 61 गेंद में नाबाद 122 रन बनाए और एक साथ कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

शतक लगाने के बाद विराट ने अपनी अंगूठी को चूमा और यह पारी पत्नी अनुष्का और बेटी वामिका को समर्पित की। लंबे समय बाद शतक लगाने वाले विराट बेहद खुश नजर आए और पहली पारी के बाद बताया कि मुश्किल समय में अनुष्का ने उनका साथ दिया।

इस मैच में विराट शानदार लय में थे। उन्होंने शुरुआत में धीमी बल्लेबाजी की, लेकिन बाद में अपनी लय पकड़ी और लगातार बड़े शॉट खेले। इसी वजह से भारतीय टीम 212 रन बनाने में सफल रही।

इस मैच में 50 रन पूरे करने के बाद भी विराट कोहली सुकून में दिख रहे थे। इस टूर्नामेंट में उन्होंने तीसरी बार 50 का आंकड़ा पार किया था। हालांकि, उन्होंने ज्यादा जश्न नहीं मनाया था और लग रहा था कि आज कोहली बड़ी पारी खेलने का

विराट ने इस मैच में 61 गेंद में 122 रन बनाए। उनके बल्ले से 12 चौके और छह छक्के निकले। इस पारी में विराट पुराने अंदाज में दिख रहे थे और छक्के लगाने का प्रयास करने की बजाय चौके ज्यादा लगा रहे थे। उन्होंने 200 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए।

विराट ने इस मैच में पहली बार अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में शतकीय पारी खेली। उन्होंने भारत के लिए पारी की शुरुआत की और आखिरी गेंद तक नाबाद रहे। इस दौरान विराट ने अपने टी20 करियर की सबसे बड़ी पारी खेली। साथ ही वे भारत के लिए टी20 में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए।

विराट ने अपनी वेडिंग रिंग चैन में लटकाकर पहनी थी और शतक पूरा करने के बाद इसे चूमा। विराट पहले खिलाड़ी नहीं हैं, जिन्होंने ऐसा किया। उनसे पहले भारत के रोहित शर्मा और कई अन्य खिलाड़ी भी ऐसा कर चुके हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह विराट का 71वां शतक था और सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में वे संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके अलावा रिकी पोंटिंग के नाम भी 71 शतक हैं। अब कोहली सिर्फ सचिन तेंदुलकर से पीछे हैं।

विराट कोहली का शतक भारतीय टीम के लिए राहत की खबर है। टी20 विश्व कप से पहले उनका लय में आना सभी टीमों के लिए चेतावनी है। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा यह पारी देखकर बहुत खुश होंगे, क्योंकि विराट जैसे बल्लेबाज के बिना टी20 विश्व कप जीत पाना बहुत मुश्किल है।

इस शतक के साथ ही विराट कोहली उन भारतीय बल्लेबाजों में शामिल हो गए, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में शतक लगाए हैं। सुरेश रैना ऐसा करने वाले पहले भारतीय थे। उनके बाद रोहित शर्मा और लोकेश राहुल भी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

इस मैच में विराट कोहली के अलावा भुवनेश्वर कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पांच विकेट चटकाए और अफगानिस्तान की बल्लेबाजी को धराशायी कर दिया। हालांकि, शतकीय पारी खेलने वाले विराट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।