सहारनपुर। परिवहन निगम ने मां वैष्णों देवी कटरा के लिए दो बसों का संचालन शुरू कर दिया है। म्हाड़ी मेला होने के चलते बुधवार को दोनों बसें कांशीराम कॉलोनी से रवाना की गईं। इन बसों से श्रद्धालुओं को मां वैष्णो देवी तक सीधी बस सेवा मिली है, वहीं परिवहन निगम को अच्छे राजस्व प्राप्ति की उम्मीद है।
शारदीय नवरात्रों से पहले परिवहन निगम ने मां वैष्णो देवी कटरा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए दो बसें चलाकर सौगात दी है। बुधवार को एसी बस हरिद्वार से चलकर सहारनपुर में करीब ढाई बजे पहुंची और तीन बजे कांशीराम कॉलोनी से रवाना हुई। कटरा में सुबह चार बजे पहुंचने का समय है। इस बस में सहारनपुर से कटरा का किराया 1036 रुपये है।
दूसरी बस मुजफ्फरनगर से करीब 3:15 बजे चली, यह बस साधारण सेवा है। मुजफ्फरनगर से चलने वाली बस सहारनपुर में शाम साढ़े पांच बजे पहुंची और यहां से छह बजे कटरा के लिए रवाना हुई। इसमें सहारनपुर से कटरा का किराया 732 रुपये हैं। कटरा में अगले दिन सुबह सात बजे पहुंचने का समय है।
– मानकमऊ बस स्टैंड से चलेंगी बसें
म्हाड़ी मेला होने के चलते कटरा जाने वाली रोडवेज बसें बुधवार को दिल्ली रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी से संचालित हुई। लेकिन बृहस्पतिवार से यह बसें मानकमऊ बस स्टैंड से ही चलाई जाएंगी। इन बसों से कटरा जाने के लिए लोगों को मानकमऊ जाना होगा।
– उपेंद्र शर्मा, केंद्र प्रभारी, परिवहन निगम
मां वैष्णो देवी कटरा के लिए सहारनपुर डिपो की दो बसें शुरू हो गईं हैं। ये बसें मानकमऊ बस स्टैंड से चलेंगी। सहारनपुर से एसी बस का 1036 और साधारण बस का 732 रुपये किराया है। इन बसों से शारदीय नवरात्रों में श्रद्धालुओं का सफर आसान होगा।