मुजफ्फरनगर। स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ की नगरपालिका परिषद् मुजफ्फरनगर इकाई के अध्यक्ष और महामंत्री पद के चुनाव के दौरान कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से स्टेनो पालिकाध्यक्ष गोपाल त्यागी के नेतृत्व में पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए उनको निर्विरोध अध्यक्ष चुना। इसके साथ ही महामंत्री पद पर तनवीर आलम का निर्वाचन हुआ। इस दौरान गोपाल त्यागी ने कर्मचारियों को ईमानदार व्यवस्था पालिका में लागू कराने के लिए सहयोग करने का आह्नान करते हुए कहा कि हम रिटायर्ड होने से पहले यहां पर कर्मचारियों की नई पीढ़ी को बेहतर संसाधन, सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था देकर जाने का संकल्प लेकर काम करें। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जायेगा, मैं कर्मचारियों के हित में भेट चढ़ने को भी तैयार हूं।
बुधवार को टाउनहाल स्थित नगरपालिका परिषद् के मीटिंग हॉल में स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के इकाई अध्यक्ष और महामंत्री के पद पर चुनाव कार्यक्रम के अनुसार मीटिंग बुलाई गई। महासंघ की शाखा मुजफ्फरनगर का महामंत्री और अध्यक्ष पद का निर्वाचन लोकतंत्र शासन प्रणाली के अंतर्गत विधिक रुप से निष्पक्ष और निर्विरोध संपन्न हुआ। जिसमें गोपाल त्यागी अध्यक्ष पद पर तथा तनवीर आलम महामंत्री के पद पर सर्वसम्मति से निर्वाचित घोषित किये गये।
स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के शाखा अध्यक्ष और महामंत्री पद के लिए चुनाव में लिपिक मोती राम एवं मैनपाल को चुनाव अधिकारी नामित किया गया था। चुनाव अधिकारियों ने मीटिंग के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को शुरू कराया तो लिपिक राजीव वर्मा ने सदन में गोपाल त्यागी अध्यक्ष और तनवीर आलम को महामंत्री पद पर निर्विरोध निर्वाचन के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस प्रस्ताव पर सम्पूर्ण सदन ने सहमति व्यक्ति की, जिसके बाद निर्वाचन अधिकारियों ने गोपाल त्यागी और तनवीर आलम को नगर पालिका परिषद स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ शाखा का अध्यक्ष और महामंत्री निर्वाचित घोषित किया। कर्मचारियों ने दोनों पदाधिकारियों को फूल मालाओं से लादकर उनको स्वागत किया।
इसके पश्चात सभा को सम्बोधित करते हुए गोपाल त्यागी ने दूसरी बार यह जिम्मेदारी दिये जाने पर कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी मेहनत से परिणाम देने में सक्षम है। हम अपने दायित्वों के साथ ही दूसरे विभागों के दायित्व और अभियान को सफल बनाने में भी जुटे रहते हैं। कर्मचारी सुबह 7 बजे से रात के 10 बजे तक कार्य करने में सक्षम है, ड्यूटी के प्रति इस योगदान के बाद भी यदि कर्मचारियों को अपमानित किया जायेगा, उनका शोषण किया जायेगा तो यह हम कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने अपनी पीड़ा भी रखते हुए कहा कि मुझे सबसे ज्यादा निशाना पर लिया जाता रहा है। मैं कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए भेट चढ़ने को भी तैयार हूं। उन्होंने कहा कि मौजूदा बोर्ड और उसकी अध्यक्ष कर्मचारी हितों को लेकर संवेदनशील और सकारात्मक विचारधारा रखते हैं। कर्मचारियों के वर्षों से रुके देयों का भुगतान इस बोर्ड द्वारा किया गया है। अब हमें भी इस नगरपालिका को नम्बर वन बनाने के साथ ही शत प्रतिशत हाईटेक करना है, ताकि हम रिटायर्ड होने से पहले कर्मचारियों की नई पीढ़ी को एक बेहतर संसाधन युक्त व्यवस्था और पारदर्शी कार्यप्रणाली देकर जायें। इस सभा में मुख्य रूप से सर्वश्री राजीव वर्मा, राजेश्वर शर्मा, फिरोज खान, गगन महिंद्रा, मनोज पाल, अशोक धींगरा, मनोज बालियान, गोपीचंद वर्मा, कैलाश नारायण, मोहम्मद इरशाद, प्रवीण कुमार, संदीप यादव, निपुण कनौजिया, शोभित संगल, गोविंद राम जोशी, सोनू मित्तल, संतोष देवी, विकास कुमार, विजय जैन, प्रवीण कुमार, मनोज बालियान, आईटी आफीसर प्रियेश कुमार के साथ-साथ सफाई कर्मचारी संघ के महामंत्री अरविन्द उर्फ सोनू मचल, अवनीश कुमार, राजेश कुमार सहित समस्त पालिका कर्मी मौजूद रहे।