मुजफ्फरनगर/शामली/सहारनपुर। उप गन्ना आयुक्त सहारनपुर ने परिक्षेत्र सहारनपुर के समस्त गन्ना किसानों से सहकारी गन्ना विकास समिति से सम्पर्क कर वर्ष 2020-21 तक का बकाया अनपेड गन्ना मूल्य भुगतान प्राप्त करने का आह्वान किया है। डीसीओ विजय बहादुर सिंह ने किसानों को बताया है कि सहकारी गन्ना विकास समितियों में बकाया अनपेड गन्ना मूल्य का भुगतान सुनिश्चित किया गया है। जिला सहारनपुर में 1077 किसानों को 77.31 लाख , जिला मुजफ्फरनगर में 1074 किसानों को 111.85 लाख, जिला शामली में 2424 किसानों को 77.71 लाख सहित सहारनपुर परिक्षत्र में 4575 किसानों को 266.87 लाख रुपये अनपेड गन्ना मूल्य समितियों में अनुरक्षित है। एक माह के अन्दर सम्बन्धित किसान या उनके वारीसान द्वारा आधार कार्ड, बैंक एकाउन्ट, गन्ना आपूर्ति प्रमाण पत्र, वारिस प्रमाण पत्र के साथ गन्ना समिति से सम्पर्क कर अनपेड गन्ना मूल्य भुगतान करा सकता है। यदि कोई किसान इन धनराशि का क्लेम नहीं करता है तो सहकारी गन्ना विकास समिति द्वारा उक्त धनराशि को अन्य विकास कार्यों में प्रयोग कर सकता है।