हाथरस। सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला सेवा निवासी उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल 35 वर्षीय संजीत कुमार की मेरठ के करनाल हाइवे पर बुधवार सुबह कैंटर की टक्कर से मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रिश्तेदार व गांव के लोग घर पर सांत्वना देने पहुंचे। डेढ़ माह पूर्व ही छुट्टी काटकर संजीत कुमार ड्यूटी पर वापस गए थे। उनकी मौत से स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में शव आने का इंतजार चल रहा है।

सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला सेवा निवासी संजीत कुमार की हाल ही में पोस्टिंग मेरठ में हुई थी। इससे पहले वह गाजियाबाद में तैनात थे। वे अपनी पत्नी सुनीता देवी व 14 वर्षीय बेटा मनीष और 12 वर्षीय बेटी साक्षी के साथ गाजियाबाद ही रहते थे। मनीष कक्षा आठ में पड़ रहा है और साक्षी कक्षा सात में पढ़ रही है। बुधवार सुबह वह अन्य पुलिसकर्मियों के साथ करनाल हाइवे पर गश्त पर थे इस दौरान टूटी पुलिया के पास कैंटर ने पुलिस वेन में टक्कर मार दी। हादसे में हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आनन-फानन में हेड कांस्टेबल को अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी अस्पताल पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। जानकारी मृतक के स्वजन को दी तो कोहराम मच गया। घर पर सांत्वना देने रिश्तेदार व गांव के लोग पहुंच गए। मृतक संजीत कुमार के पिता जोगिंदर सिंह और मां हैं। एक छोटा भाई भी बाहर नौकरी करता है। संजीत के मौत की जानकारी होने पिता, भाई गांव के अन्य लेाग मेरठ गए हैं। शाम तक शव गांव लाया पहुंचेगा और उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।