चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ सीडीएस बिपिन रावत के साथ हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए स्क्वॉड्रन लीडर कुलदीप सिंह मेरठ के दामाद थे। दो साल पहले उनकी शादी मेरठ की बेटी यश्विनी ढाका से हुई थी। गुरुवार को यश्विनी के परिजन दिल्ली गए हैं, जहां से वह दामाद के अंतिम संस्कार के लिए राजस्थान जाएंगे।
कंकर खेड़ा न्यू सैनिक विहार कॉलोनी निवासी यश्विनी ढाका पति के साथ कोयम्बटूर में ही रह रही थीं। वह मेरठ के डीएन कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। यश्विनी ने विद्या कॉलेज से बीटेक किया और राजस्थान में वनस्थली यूनिवर्सिटी से एमटेक के बाद मेरठ के डीएन कॉलेज में कंप्यूटर साइंस विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्य करना शुरू किया। यश्विनी की शादी 19 नवंबर 2019 को राजस्थान झुंझनू सिंघाना निवासी कुलदीप सिंह राव के साथ हुई। एक साल पहले यश्विनी कॉलेज से छुट्टी लेकर पति के साथ ही चली गईं।
हेलीकॉप्टर क्रैश होने की सूचना न्यूज चैनलों पर फ्लैश हुई तो यश्विनी की मां सुमित्रा देवी, पिता और भाई का दिल कांप उठा। कुछ देर बाद दामाद के निधन की खबर आई तो परिजन बेसुध हो गए। यश्विनी की मां सुमित्रा देवी ने बस इतना ही कहा कि दोनों दो महीने पहले ही मेरठ आए थे। दामाद चला गया अब मेरी बेटी कैसे जिएगी।
डीएन कॉलेज में यश्विनी की सीनियर डॉ. दिव्या शर्मा ने बताया कि उससे रोजाना मोबाइल पर कॉल और वाट्सएप के जरिए बात होती है। बुधवार सुबह यश्विनी का मैसेज आया था, बता रही थी कि लंच बना रही हूं। कुलदीप बाहर गए हैं। शाम को हेलीकॉप्टर क्रैश होने की जानकारी सामने आई तो दिल कांप उठा। बात करने की हिम्मत नहीं हुई। गुरुवार सुबह यश्विनी का मैसेज आया… कुलदीप मुझे छोड़कर चले गए।
यश्विनी का परिवार मूल रूप से बागपत के ढिकौली गांव का रहने वाला है। आर्मी में यश्विनी के पिता की तैनाती राजस्थान में रही। बाद में उन्होंने मेरठ के सैनिक विहार में मकान बना लिया। मेरठ में ही यश्विनी की पढ़ाई-लिखाई हुई।
इंडियन एक्स आर्मी सर्विसमैन लीग के सदस्यों ने गुरुवार को हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए देश के सीडीएस बिपिन रावत को शोकसभा कर श्रद्धाजंलि दी। सदस्यों ने 2019 में सेना के कार्यक्रम में मेरठ आए बिपिन रावत के साथ बिताए पलों को साझा किया। उन्होंने दोनों डिविजन, आरवीसी व सभी सबएरिया की निरीक्षण किया था। जिसमें वीरनारियों और पूर्व सैनिकों के बारे में जाना था। उन्होंने कहा था पूर्व सैनिकों बच्चे आज बॉर्डर, कश्मीर व लद्दाख में हैं। उन्होंने सेना को गौरवान्वित करने के साथ देश का मान बढ़ाया। उसमें सर्जिकल स्ट्राइक जैसे अहम फैसले शामिल रहे।
सीडीएस बिपिन रावत युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। सर्जिकल स्ट्राइक जैसा कदम उठाकर उन्होंने पूरी दुनिया में लोहा मनवाया था। पूर्व सैनिकों से वह बेहद लगाव रखते थे। – रणवीर सिंह, सेनि.ब्रिगेडियर
इस हेलीकॉप्टर हादसे से देश को एक बड़ी क्षति पहुंचा दी है, जिसकी भरपाई करना बहुत मुश्किल है। वो हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे। वो बेहद सरल स्वभाव के थे। – सेनि. मेजर जनरल डा. के.एस सोलंकी
सीडीएस रावत साहस निडर थे, उन्होंने देश सेवा के लिए कई बड़े कदम उठाए। जिसपर फख्र रहेगा। सेना के बड़े अधिकारी होने के बावजूद वो बहुत सरल स्वभाव के थे। – कर्नल राजपाल सिंह
उनकी शहादत के बाद आज देशवासी मायूस हैं, उनके बहादुरी के किस्से सुनकर देश का हर बच्चा उनके जैसा बनना चाहेगा। हम अपने बच्चों को सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में जरूर बताएं। – कर्नल वाई. एस. गहलौत
हेलीकॉप्टर हादसे में देश के सच्चे सिपाही को खोना बेहद दुखद है। इस हादसे को कभी नहीं भूला पाएंगे। ऐसे सैन्य आफिसर पर हमें नाज है। हमेशा वो हमारे दिलों में रहेंगे। – कर्नल आरएस मलिक