मेरठ। दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित सिवाया टोल प्लाजा पर शुक्रवार रात कार सवार दो सगे भाइयों ने जमकर गुंडई दिखाई। टोल कर्मचारी को बेरहमी से पीटा। पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। टोल प्रबंधन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हो गया। आरोपित घर से फरार हैं।
शुक्रवार रात सिवाया टोल प्लाजा की लेन संख्या-आठ में दौराला से पल्लवपुरम की ओर आने के दौरान कार सवार दो युवक रुके। कार पर फास्टैग नहीं था। चालक ने खुद को दौराला का बताते हुए बिना टोल दिए निकलने को कहा। कर्मचारी रवि ने निकालने से मना कर दिया।
कार में पल्लवपुरम की एटूजेड कालोनी निवासी ट्रांसपोर्टर मनजीत और उनका भाई दौराला निवासी देवांश कार से उतरे और रवि की पिटाई शुरू कर दी। अन्य कर्मचारियों ने रवि को छुड़ाया। पूरा प्रकरण सीसीटी कैमरे में कैद हो गया।
सूचना पर इंस्पेक्टर दौराला आरके पचौरी पहुंचे और फुटेज खंगाली। इंस्पेक्टर ने बताया कि टोल प्रबंधन की तहरीर पर दोनों आरोपितों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दबिश दी थी, लेकिन दोनों हाथ नहीं आए। वहीं, घायल का उपचार कराया जा रहा है।