बागपत।  खेकड़ा कस्बे की गांधी गंज मंडी में कपड़े की फैक्टरी में आग लगने से छत ध्वस्त होने के साथ ही लाखों रुपए कीमत का सूत जलकर राख हो गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।

कस्बे की गांधीगंज मंडी में अनिल कुमार जैन और राजेश कुमार जैन की क्राफ्ट कॉटेज इंडिया के नाम से कपड़े की फैक्टरी हैँ। फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में सूत से कपड़ा तैयार किया जाता है। बृहस्पतिवार को दीपावली पर्व पर फैक्टरी के कर्मचारियों की छुट्टी थी। अनिल जैन और राजेश जैन भी दोपहर के समय फैक्टरी से घर चले गए। तभी कुछ देर बाद फैक्टरी में अचानक आग लग गई।

फैक्टरी से धुएं के गुबार और आग की लपटे निकलते देख आसपास के लोगों ने उन्हें फैक्टरी में आग लगने की सूचना दी। पता लगते ही दोनों फैक्टरी में पहुंच गए। आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने फैक्टरी में रखें फायर सिलेंडरों से आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। आग नहीं बुझने पर उन्होंने दमकल कर्मियों को फैक्टरी में आग लगने की सूचना दी।

सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मी आग बुझाने में जुट गए। दमकल कर्मियों ने घंटो अथक प्रयास कर काबू पाया। लेकिन तब तक एक बड़े हॉल की छत गिर चुकी थी। अन्य दो हॉल की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई।

आग लगने से फैक्टरी में रखा लाखो रुपयें कीमत का सूत भी जलकर राख हो गया। फैक्टरी मालिक अनिल जैन के मुताबिक आग लगने से क्षतिग्रस्त हुई फैक्टरी के हॉल की छत और जले सूत की कीमत करीब 50 लाख रुपये है। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका। पुलिस के अनुसार आग लगने के बारे में कोतवाली में शिकायत नहीं की गई है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।