परवाणू। टकसाल में दिसंबर में हुई महिला की हत्या के मामले में पति को गिरफ्तार किया गया है। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार कर सोलन लाई है। जानकारी के अनुसार पांच दिसंबर 2021 को पुलिस थाना परवाणू में पति पर अपनी पत्नी का गला घोंटकर हत्या करने का मामला दर्ज किया गया था।
आरोपी हत्या के बाद मौके से फरार था जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस एसआईटी का गठन भी किया गया था। टीम हत्या मामले की लगातार जांच कर रही थी। पुलिस ने नोएडा से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी संदीप कुमार निवासी दुर्जनपुर थाना रेवती जिला बलिया को नोएडा सेक्टर-137 से 16 मार्च को गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे सोलन लाई है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ये था मामला
पांच दिसंबर 2021 को परवाणू के टकसाल में रहने वाले संदीप ने अपनी पत्नी काजल का गला घोंटकर हत्या कर दी थी और कमरे में ताला लगाकर फरार हो गया था। मामले का खुलासा तब हुआ जब काजल के माता-पिता ने उसे फोन किया। काजल का कोई जवाब नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। जब अगली सुबह उसके कमरे पर जाकर उन्होंने देखा तो वहां ताला लगा पाया। शक होने पर उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़ा तो काजल को मृत पाया। पुलिस संदीप के खिलाफ मामला दर्जकर तलाश कर रही थी।
फैक्टरी में दिए रिज्यूम से मिला घर का पता
एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने बैंक लेनदेन की लोकेशन ट्रेस कर आरोपी को दबोचा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने संदीप ने फैक्टरी में दिए रिज्यूम के आधार पर उसके घर का पता लिया था। इसके बाद बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर संदीप के पता लगाया गया।