मेरठ। तांत्रिक ने पत्नी को बंधक बना लिया और सिगरेट से दागने लगा। शोर सुनकर आस-पड़ोस के लोगों ने जानकारी लेने की कोशिश की तो तांत्रिक ने महिला को नशीला पदार्थ देना शुरू कर दिया। दो दिन पहले महिला किसी तरह तांत्रिक के चंगुल से छूटकर मायके पहुंची और आपबीती स्वजन को सुनाई। महिला की हालत देखकर सभी के होश उड़ गए।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर निवासी विवाहिता की शादी करीब चार साल पहले लावड़ के रहने वाले युवक से हुई थी। शादी के डेढ़ साल बाद महिला को पति के तंत्र क्रिया करने के बारे में पता चला। इस वजह से दंपती में क्लेश रहने लगा और महिला मायके आ गई। तीन माह पहले स्वजन को बहलाकर तांत्रिक पत्नी को साथ ले गया। आरोप है कि संबंध बनाने से इन्कार करने उसने पत्नी सिगरेट से दागना शुरू कर दिया। दो दिन पहले तांत्रिक बाजार गया था। तभी विवाहिता ताला तोड़कर वहां से फरार हो गई और श्यामनगर पहुंच गई। रविवार दोपहर महिला ने तहरीर दी है। सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, जल्द ही आरोपित को पकड़ लिया जाएगा।