मुजफ्फरनगर। जनपद के रतनपुरी थाना क्षेत्र में हाईवे पर ट्रैक्टर ट्रॉली से कुचलकर जागरण कलाकार महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाईक चालक घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रतनपुरी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सठेडी कट के पास बाइक सवार महिला को ट्रैक्टर ट्रॉली ने कुचल दिया। जिससे महिला पूनम वर्मा (36 वर्ष) पत्नी चांद बाबू निवासी आनंदपुरी शहर कोतवाली मुजफ्फरनगर की मौके पर ही मौत हो गयी।
बाइक चला रहा विकास पुत्र सुरेश निवासी पटेल नगर नई मंडी कोतवाली मुजफ्फरनगर घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। चालक ट्रैक्टर ट्रॉली को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।
थानाध्यक्ष अक्षय शर्मा ने बताया कि महिला जागरण कलाकार थी। देर शाम वह अपने कलाकार साथी के साथ बाइक पर दौराला में जागरण करने जा रही थी। रास्ते में एक बस ने उनकी बाइक में साइड मार दी।
बाइक पर बैठी महिला संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क पर गिर गई तभी पीछे से आई ट्रैक्टर ट्रॉली ने सड़क पर गिरी महिला को कुचल दिया था। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी हादसे के बारे में तहरीर नहीं आई है।