मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में सफाईकर्मियों ने वेतन को लेकर चेयरमैन के आवास का घेराव किया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ।
नगर पालिका का सीमा विस्तार होने के बाद शहरी क्षेत्र में 11 गांव शामिल हुए। सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष और महामंत्री के द्वारा सफाई कर्मचारी बढ़ाने की मांग की गई। बोर्ड बैठक में 66 सफाई कर्मचारी ठेके पर रखने के लिए प्रस्ताव पास हुआ। बताया जाता है कि ठेकेदार द्वारा 66 सफाई कर्मचारी रख लिए गए।
उधर, सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारी करीब 250 सफाई कर्मचारी रखने का दावा कर रहे हैं। वहीं नगर पालिका अधिकारी उक्त सफाई कर्मचारियों से करीब पांच माह से काम ले रहे है। इन सफाई कर्मचारियों को पांच माह से कोई वेतन नहीं मिला है। अब दीपावली का त्योहार आने पर संघ के पदाधिकारियों ने वेतन की मांग की।
नगर पालिका प्रशासन से कोई वेतन नहीं दिया गया। रविवार को सफाई कर्मचारी अध्यक्ष और महामंत्री के नेतृत्व में पालिकाध्यक्ष के आवास पर पहुंच गए। उन्होंने पालिकाध्यक्ष पति का घेराव करते हुए हंगामा किया।