मुजफ्फरनगर। सावन की पहली बरसात ने नगरपालिका की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। शहर तालाब बन गया। घरों में पानी भर गया। बझेड़ी अंडरपास में पानी भर जाने के कारण कांवडि़यों को मुश्किलें उठानी पड़ी। मशक्कत के बाद पानी निकालकर कांवडि़यों को निकाला गया।

बृहस्पतिवार सुबह बारिश हुई तो पालिका की व्यवस्थाएं बेपटरी नजर आई। शहर में सड़कों, गलियों और बस्तियों में पानी भर गया। मुख्य मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया। जनकपुरी, रामपुरी, केवलपुरी, लद्दावाला, किदवईनगर में लोगों के घरों में पानी भर गया। जनकपुरी के शिव मंदिर में पानी भर जाने से श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शहर के शिव चौक, मीनाक्षी चौक, महावीर चौक, प्रकाश चौक पर पानी भर गया। जिले में बारिश 74 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान 28.6 और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आर्द्रता 98 प्रतिशत रही। दो दिन की बात करें तो अब तक 98.6 मिमी बरसात हुई है।