मुजफ्फरनगर। शहर में सफाई व्यवस्था की हकीकत को जानने के लिए सड़कों पर उतरे पालिका के प्रशासक नगर मजिस्ट्रेट अनूप कुमार ने गैर हाजिर मिले दो सफाई कर्मियों को सस्पेंड कर दिया। एक महिला कर्मी का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए।

नगरपालिका परिषद के प्रशासक नगर मजिस्ट्रेट अनूप कुमार नगरीय क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को परखने के लिए सवेरे भ्रमण पर निकले। उन्होंने भगत सिंह रोड तथा उसके आसपास के वार्डों का निरीक्षण करते हुए सफाई कार्य को देखा। जब वह सड़क पर निकले तो सफाई व्यवस्था को बदहाल देखा, यहां वहां उनको कूड़ा करकट और गंदगी के ढेर ही मिले। नालियों में सिल्ट जमा होने के कारण पानी रुका पाया गया। इसके बाद उन्होंने सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति चेक की तो तीन सफाई कर्मचारी बिना बताये ही ड्यूटी से नदारद पाये गये।

पालिका प्रशासक ने इस व्यवस्था को लेकर उनके साथ चल रहे पालिका ईओ हेमराज सिंह और सफाई निरीक्षक प्लाक्षा मैनवाल के प्रति भी नाराजगी जताई। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि उनके द्वारा सुबह सात से नौ बजे तक भगत सिंह रोड तथा उसके आसपास के वार्डों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सफाई की स्थिति अच्छी नहीं मिलने पर ईओ को सुधार के निर्देश दिये गये, वहीं ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर अनुपस्थित कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। ईओ हेमराज सिंह ने वार्ड 41 में गायब मिले सफाई कर्मचारी रामनाथ एवं सुनील को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया। जबकि संविदा महिला सफाई कर्मचारी बालेश देवी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये हैं।