मुजफ्फरनगर में मां ने रुपये देने से इनकार किया तो बेटे ने अपने आपको गोली से उड़ाकर खुदकुशी कर ली। इससे पहले पेट में बंदूक की गोली लगने से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दो बहनों के इकलौते भाई की खुदकुशी पर घर में कोहराम है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शनिवार को थाना जानसठ क्षेत्र के गांव गढ़ी देहात निवासी अली जैदी पुत्र नैयर ( 23 वर्ष) ने अपनी मां से रुपयों की मांग की थी। मना करने पर मां बेटे में मामूली विवाद हो गया। जिसके बाद भावावेश में युवक ने अपने आपको गोली मार ली। बताया जा रहा है कि युवक ने स्वयं को घर में रखी मस्कट को छाती से सटा कर गोली मारी।
गोली छाती से निकलते हुए कमर के आर पार हो गई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी ग्रामीण ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस क्षेत्राधिकारी शकील अहमद थानाध्यक्ष विश्वजीत सिंह, कस्बा चौकी इंचार्ज गजेंद्र सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी। जिस मस्कट से युवक ने स्वयं को गोली मारी है उस मस्कट को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
खुदकुशी करने वाला युवक नशे का आदी बताया जा रहा है। गोली लगने के बाद घायल युवक को सीएचसी जानसठ में भर्ती कराया गया था। जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।