मुजफ्फरनगर. शेखपुरा निवासी मौहम्मद यासीन के निकाह के दिन जूते चुराई की रस्म पर हुई कहासुनी वलीमे के दिन मारपीट में बदल गई। लडक़ी पक्ष की लडक़े पक्ष के साथ मारपीट हुई। मारपीट में कई लोग घायल हो गए। लडक़े पक्ष के लोगों ने थाने में तहरीर देकर मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मौहम्मद यासीन ने बताया कि उसके भतीजे शाकिब का निकाह इस्लामनगर खतौली निवासी मकसूद की पुत्री के साथ 12 मई को हुआ था। निकाह में जूते चुराई की रस्म में दोनों पक्षों के बीच मतभेद हो गया था। दुल्हन के भाईयों ने देख लेने की धमकी दी थी। आरोप है कि वलीमे के दिन दुल्हन के भाई कार्यक्रम में पहुंचे और लाठी, डन्डों सहित धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें सलमान व आशु गंभीर घायल हो गए। शोर शराबे की आवाज पर वलीमे में शामिल लोगों ने उनकी जान बचाई। दोनों को कस्बे में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर हालत के चलते सलमान को मेरठ रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपी हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।