मुजफ्फरनगर. भारतीय किसान यूनियन तोमर के कार्यकर्ताओं ने नुमाइश कैंप स्थित एसई कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। ऊर्जा निगम के कर्मचारियों पर किसानों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
भारतीय किसान यूनियन तोमर के जिलाध्यक्ष अखिलेश चौधरी के नेतृत्व में किसान कार्यालय पहुंचे और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। चौधरी ने बताया कि किसानों के बिजली के बिलों में बढ़ोत्तरी की जा रही है। किसानों पर फर्जी मुकदमे कर कर्मचारी किसानों से अवैध उगाही कर रहे हैं।
सदर ब्लॉक अध्यक्ष निखिल चौधरी ने कहा की किसानों को नलकूपों की बिजली मुफ्त दी जाए और किसानों के नलकूपों पर जो मीटर लगाए जा रहे हैं, उस पर तुरंत रोक लगाई जाए। जनपद में बिजली के तार बहुत ही जर्जर हालत में है, जिससे कोई भी बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। जर्जर तारों को बदला जाना चाहिए और बिजली कटौती पर भी रोक लगनी चाहिए।