जानसठ। गांव मंतौडी में पारिवारिक विवाद में महिला के मायके पक्ष के लोगों ने आकर गोली चला दी। गोली लगने से महिला का ससुर व पड़ोसी युवक घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए मेरठ ले जाया गया है। पुलिस ने महिला और उसके भाई को हिरासत में लिया है।

कोतवाली जानसठ क्षेत्र के गांव मंतौड़ी निवासी सुमित पुत्र ऋषिपाल की शादी एक वर्ष पूर्व जिला मेरठ के थाना मवाना क्षेत्र के गांव अलीपुर मोरना निवासी आरती पुत्री लीले के साथ हुई थी। आरती की शादी दो बार पहले भी हो चुकी थी। यह उसकी तीसरी शादी थी। पुलिस के मुताबिक, पिछले दो-तीन दिनों से आरती को लेकर पारिवारिक विवाद चला आ रहा था। आरती का आरोप है कि शनिवार को उसके ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया था। उसने यह जानकारी अपने मायके वालों को दे दी थी।

खबर मिलते ही मायके से बाइकों पर सवार होकर दर्जनों लोग गांव मंतौड़ी पहुंचे। आरोप है कि गांव मंतौड़ी पहुंचते ही मायके वालों ने घर में घुसकर तमंचों से गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोली लगने से महिला का ससुर ऋषिपाल (60) पुत्र मूले और परिवार का ही रहने वाला पड़ोसी पिंटू (49) पुत्र मामचंद घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां से उन्हें मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि गोली पिंटू के पेट से आरपार निकल गई, जबकि ऋषिपाल की जांघ में गोली लगी है। पुलिस ने महिला आरती व उसके भाई को हिरासत में लिया है। सीओ यतेंद्र सिंह नागर भी गांव में घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ ने ग्रामीणों से घटना के बारे में पूछताछ की।