मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सचिव चौधरी युद्धवीर सिंह को दिल्ली हवाई अड्डे पर रोकने के विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में टोल फ्री कराकर धरना प्रदर्शन किया।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सचिव चौधरी युद्धवीर सिंह को दिल्ली हवाई अड्डे पर उनके प्रतिनिधि मंडल सहित रोक कर हिरासत में लिया गया। इसके विरोध में मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर व सहारनपुर समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में टोल फ्री करारकर धरना प्रदर्शन किया।
मुजफ्फरनगर के रोहाना व छपार टोल प्लाजा पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना देकर टोल फ्री करा दिया। धरना दो घंटे चला। छपार में ब्लॉक अध्यक्ष मोनू प्रधान, मंडल अध्यक्ष चौधरी नवीन राठी, धीर सिंह गुर्जर, मोहम्मद फरमान, शशि गुर्जर, मास्टर ओमपाल, कयूम अंसारी, दीपक गुर्जर ,नीटू प्रधान समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने छपार टोल प्लाजा पर पहुंच कर धरना दिया।
सभी ने संगठन नेता को छोडने की मांग की। पहले तो भाकियू कार्यकर्ता टोल प्लाजा की दोनों तरफ की लाइनों पर धरना देकर बैठ गए लेकिन अधिकारियों के समझाने पर बाद में एक तरफ धरना दिया और टोल को फ्री करा दिया। इसी तरह रोहाना टोल प्लाजा पर भी भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना दिया।
दोनों स्थानों पर दो घंटे धरना दिया गया। बाद में दिल्ली में भाकियू नेता को छोडने पर धरना समाप्त किया गया। पुरकाजी ब्लॉक अध्यक्ष मोनू प्रधान ने कहा कि संगठन कार्यकर्ताओं मान सम्मान से खिलवाड़ सहन नहीं करेंगे। सरकार किसानों की आवाज को दबा नही सकती।
छुटमलपुर में भाकियू कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार की सुबह करीब 15 मिनट तक चमारी खेड़ा टोल फ्री रखा। यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने के बाद सुबह 9 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिला प्रवक्ता चौधरी रघुवीर सिंह और युवा विंग के जिला अध्यक्ष नदीम अंसारी के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए चमारीखेड़ा टोल पहुंचे। जहां उन्होंने टोल की सभी लेन फ्री करते हुए दरी बिछा कर धरना देना शुरू कर दिया।
इसी दौरान चौधरी युद्धवीर सिंह के रिहा होने के बाद केंद्रीय नेतृत्व ने आंदोलन वापस लेने की घोषणा कर दी। इसके बाद कार्यकर्ता वापस लौट आए। इस दौरान तहसील उपाध्यक्ष सचिन चौधरी, चौधरी पदम सिंह, जिला मंत्री केहर सिंह, अनूप सिंह प्रधान, नईम मालिक, मोनू मलिक, चौधरी रामवीर, राजेश कांबोज, बुरहान अहमद आदि शामिल रहे।
शामली जनपद के झिंझाना में भाकियू कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार की सुबह करीब 15 मिनट तक मेरठ-करनाल हाईवे स्थित गांव पटनी-परतापुर में टोल को फ्री रखा। यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने के बाद सुबह 10 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष कालेंद्र मलिक के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए टोल पहुंचे।
जहां उन्होंने टोल की सभी लेन फ्री करते हुए दरी बिछा कर धरना देना शुरू कर दिया। इसी दौरान चौधरी युद्धवीर सिंह के रिहा होने के बाद केंद्रीय नेतृत्व ने आंदोलन वापस लेने की घोषणा कर दी। इसके बाद कार्यकर्ता वापस लौट आए। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस भी तैनात रही
बिजनौर में संगठन के आह्वान पर जनपद में जिला मुख्यालय, नगीना हाईवे टोल प्लाजा समेत कई शहरों के थानों किसान नेताओं व किसानों ने प्रदर्शन कर धरना दिया। नेताओं की रिहाई होने पर किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
राष्ट्रीय संगठन के आह्वान पर अपने नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर किसान व किसान नेता सड़कों पर उतर गए। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष चौधरी सत्यवीर सिंह सोनू के नेतृत्व अनेक किसान नगीना टोल प्लाजा पर साढ़े नौ बजे पहुंचे। वहां उन्होंने नेताओं की रिहाई को लेकर प्रदर्शन कर धरना दे दिया। जिला मुख्याल, अफजलगढ, चांदपुर, नगीना आदि शहरों के थानों के बाहर प्रदर्शन किसान नेताओं ने धरना दिया।
धरने पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष चौधरी सत्यवीर सिंह सोनू ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह व अन्य किसानों पर कोई मुकदमा नहीं है। फिर पुलिस उन्हें रोकर नजर बंद क्यों कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आवाज को उठाने वाले लोगों को दबाना चाह रही है। यहीं कारण है कि बिना किसी कारण पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट से पकड़ लिया। करीब ढेर घंटे बाद नेताओं की रिहाई होने पर किसानों का आंदोलन समाप्त हो गया। भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी सत्यवीर सिंह सोनू ने कहा कि संगठन किसानों के हकों की लड़ाई लड़ते हुए आया है और लड़ता रहेगा। किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष सत्यवीर सिंह के अनुसार बिजनौर कोतवाली, नजीबाबाद ब्लॉक नांगल थाना, किरतपुर ब्लॉक किरतपुर थान, हल्दौर थाने पर, चांदपुर थाना, नूरपुर थाना, स्योहारा थाना, धामपुर, अफजलगढ़, नहटौर थानों तथा कोतवाली टोल प्लाजा पुरैनी पर धरना दिया।