नई दिल्ली। आज तड़के दिल्ली-एनसीआर का मौसम बदल गया। लोग नींद से जग पाते, उससे पहले ही इंद्रदेव मेहरबान हो गए। देश की राजधानी और उसके आस-पास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने इसके लिए पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था। बारिश के चलते फिजा में घुला पल्यूशन को भी कम करने में मदद मिलेगी।

तड़के सुबह बूंदाबांदी ने बढ़ाई ठंड
दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश का अलर्ट था। सुबह 6 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और एनसीआर के कुछेक इलाकों में रिमझिम फुहारें देखी गईं। तब तक लोग ठीक से जग भी नहीं पाए थे। हालांकि बारिश का यह दौर ज्यादा देर तक नहीं था। हल्की बारिश का यह दौर जल्दी समाप्त भी हो गया। मौसम विभाग ने पल्यूशन में भी थोड़ा सुधार की उम्मीद जताई है।

12 राज्यों में तूफान-बारिश के साथ ओले गिरेंगे
देशभर में शीतलहर चलने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी होने से मैदानी राज्यों राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे हैं। श्रीनगर में 21 दिसंबर की रात माइनस 8 डिग्री तापमान के साथ 50 साल में पहली बार सबसे ठंडी रात रिकॉर्ड हुई। चिल्लई कलां के डल झील, बद्रीनाथ धाम के पास उर्वशी धारा जम गई है।

मध्य प्रदेश के 14 जिलों में न्यूनतम तापमान 3 से 8 डिग्री के बीच बना हुआ है। पचमढ़ी 3.9 पारे के साथ सबसे ठंडा शहर रहा। अन्य 13 जिलों का तामपान 3.9 डिग्री से 8.7 डिग्री के बीच बना हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज से देशभर में मौसम बदलने की भविष्यवाणी की है। पश्चिमी विक्षोभी एक्टिव होने से 12 राज्यों में तूफान और बारिश के साथ ओलावृष्टि होगी। वहीं 14 राज्यों में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाने की चेतावनी है। आइए जानते हैं कि मौसम के ताजा हाल क्या हैं?

इन राज्यों में बारिश होने का अलर्ट
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में कल बना दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर स्पष्ट लो प्रेशर वाले एरिया में बदल गया। इसे 3.1 किलोमीटर एरिया में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना। इसके पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ने और उत्तर के निकट दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है।

24 दिसंबर के आसपास यह साइक्लोनिक सर्कुलेशन तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचेगा। इससे तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय ओडिशा, उत्तरी तटीय तमिलनाडु और पुडुचेरी में बिजली कड़कने के साथ तूफान आएगा और कहीं हल्की से मध्यम और कहीं भारी बारिश हो सकती है।

2 पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से बरसेंगे बादल
दूसरी ओर अफगानिस्तान की ओर से साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में ताजा पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इसके प्रभाव से पश्चिमी हिमालय में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। आज और कल पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान में बारिश होगी। 26 दिसंबर की रात से एक और तीव्र पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है।

28 दिसंबर तक अरब सागर के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी से पूर्वी हवाएं चलने से नमी आएगी। इसके असर से 26-28 दिसंबर के बीच पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में छिटपुट बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और निकटवर्ती मध्य भारत में भी छिटपुट से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है। 27 और 28 दिसंबर को महाराष्ट्र-गुजरात में और उत्तर पश्चिम भारत में तूफान के साथ ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।