चेन्नई: भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में यादगार वापसी की है। बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने चेन्नई टेस्ट की दूसरी पारी में शतक लगाया था। दिसंबर 2022 के बाद पंत पहली बार भारत के लिए टेस्ट मैच खेल रहे हैं। कार एक्सीडेंट की वजह से वह करीब 15 महीने क्रिकेट के मैदान से दूर थे। उन्होंने 128 गेंदों पर 109 रनों की पारी खेली। इस पारी में 13 चौकों के साथ ही चार छक्के भी शामिल थे।
चेन्नई में तीरे दिन का खेल शुरू होने से पहले ऋषभ पंत ने बैट की पूजा की। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पंत ने मैदान पर उतरने से पहले बैट का सामने हाथ जोड़कर खड़े हुए। इसके बाद मैदान पर आकर बांग्लादेशी गेंदबाजों की कुटाई शुरू कर दी। अपनी 109 रनों की पारी के दौरान उन्होंने कई आकर्षक शॉट खेले। इसमें एक छक्का तो उन्होंने अपने अंदाज में एक हाथ से जड़ा।
दूसरी पारी में टीम इंडिया पर कोई दवाब नहीं था। शुभमन गिल के साथ मिलकर पंत ने मनमर्जी के शॉट खेले। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी हुई। पंत के साथ ही गिल ने भी शतक बनाया। टेस्ट में ऋषभ पंत के 58 पारियों में 6 शतक हो गए हैं। पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट में 144 पारियों में 6 शतक ही लगाए हैं।
मैच की पहली पारी में उन्होंने 39 रन बनाए थे। मैच के कॉन्टेक्स्ट में ये रन भी काफी महत्वपूर्ण थे। जब पंत बल्लेबाज के लिए आए थे तो भारत का स्कोर 3 विकेट पर 34 रन था। विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ ही शुभमन गिल पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद पंत ने आकर यशस्वी जायसवाल के साथ पारी संभाली और टीम इंडिया को मुश्किल से निकलने में मदद की।