मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के सिसौली में भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत का जन्मदिन किसान श्रद्धांजलि सभा के रूप में मनाया गया। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। इस दौरान राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने बाबा महेंद्र सिंह टिकैत को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि किसान मसीहा को हमेशा याद किया जाएगा। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत समेत कई किसान नेताओं ने सभा में शामिल होकर बाबा टिकैत को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सिसौली में किसान श्रद्धांजलि सभा में जयंत चौधरी ने लखीमपुर खीरी की घटना पर कहा कि किसानों की हत्या कर वहां बहुत बड़ा पाप किया गया है। दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। योगी सरकार अब मंत्री के घर पर बुलडोजर क्यों नहीं चलवा रही। योगी चुप क्यों हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कल लखनऊ पहुंचे, मगर एक शब्द भी इस संबंध में नहीं बोला। मंत्री बर्खास्त होना चाहिए, उसके बेटे की गिरफ्तारी होनी चाहिए। विपक्ष को वहां जाने से रोका जा रहा है। विपक्ष के जाने से माहौल बिगड़ेगा नहीं, हालात सुधरेंगे। विपक्ष न हो तो जनता की आवाज कौन उठाएगा।
जयंत ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगना चाहिए। उन्होंने किसानों से एकजुट रहने का आह्वान किया। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों के आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है, मगर ऐसा नहीं होगा। किसान पूरी शक्ति के साथ आंदोलन में डटे रहेंगे, जब तक मांग पूरी नहीं होगी। आंदोलन जारी रहेगा।
जयंत चौधरी ने यहां बालियान प्रो कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को नौकरी और बाद में पेंशन मिलनी चाहिए। अपने चुनावी एजेंडे में वे खिलाड़ियों और युवाओं को विशेष स्थान देंगे। इस दौरान खाप चौधरियों ने जयंत चौधरी को पगड़ी पहनाकर उनका अभिनंदन किया। आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने भी सिसौली पहुंचकर बाबा टिकैत को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।