बरेली। बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता से चचेरे जेठ ने दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर ससुरालियों ने उसे तेजाब पिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। कई दिनों तक उसका उपचार हुआ। उपचार के बाद स्वस्थ होने पर जब वह घर पहुंची तो उसे घर से निकाल दिया गया।

इसके बाद विवाहिता ने आरोपियों के खिलाफ फरीदपुर थाने में तहरीर दी है। नई दिल्ली के एक इलाके की रहने वाली विवाहिता ने बताया कि छह वर्ष पहले उसका निकाह बिथरी चैनपुर के एक गांव निवासी युवक से हुआ था।

उसका चचेरा जेठ सऊदी अरब में रहता था। दो महीने पहले ही वह गांव आया था। आरोप है कि वह उसके ऊपर गलत नजर रखता था। कई बार उसने छेड़खानी भी की। शिकायत के बाद भी ससुराल वालों ने ध्यान नहीं दिया।

31 जुलाई को वह घर में अकेली थी। इस दौरान आरोपी जेठ उसके कमरे में घुस आया और उससे दुष्कर्म की कोशिश की। शोर मचाने पर परिवार के लोग जुट गए। जब उसने आरोपी की हरकत के बारे में बताया तो ससुराल वालों ने विवाहिता की ही पिटाई कर दी। उसके बाद उसे तेजाब पिला दिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपचार के बाद वह ठीक हो गई।

विवाहिता का आरोप है कि जब वह अस्पताल से ससुराल पहुंची तो ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया। उसके पति ने भी उसकी नहीं सुनी। अब वह अपने ही एक रिश्तेदार के पास फुरीदपुर में रह रही है। पीड़ित विवाहिता ने फरीदपुर थाने में ही तहरीर दी है। इस मामले में फरीदपुर थाने के इंस्पेक्टर दयाशंकर ने बताया कि घटनास्थल बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में आता है। विवाहिता को बिथरी चैनपुर भेजा गया है।