नई दिल्ली । केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पूरे देश में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा किए गए भारत बंद का असर दिखने लगा है। संयुक्त किसान मोर्चा के आज ‘भारत बंद’ के ऐलान के चलते नोएडा में डीएनडी गाड़ियों का लंबा जाम लगा हुआ है। गुरुग्राम हाइवे पर भी कई किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतार लगी है। इसके अलावा किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों ने NH-9 और NH-24 पूरी तरह से जाम कर दिया है। दिल्ली-अमृतसर नैशनल हाइवे पर यातायात सेवा ठप्प है। इस बंद को कई राजनीतिक दलों ने भी समर्थन दिया है। किसान संगठनों द्वारा यह बंद सोमवार सुबह 6 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक के लिए किया गया है। वहीं ताजा जानकारी के अनुसार किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर पर NH-9, NH-24 को जाम कर दिया है।
कुंडली बॉर्डर पर कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग को लेकर जारी आंदोलन में शामिल पंजाब के एक और किसान की मौत हो गई है। शुरुआती जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है। मृतक की पहचान पंजाब के जिला जालंधर के गांव खेला के रहने वाले बघेल राम (55) के तौर पर हुई है, जो कुंडली बॉर्डर पर जारी आंदोलन में शामिल होने आए थे।
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने कई पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ दिए। पुलिस के रोकने पर जब नहीं माने तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
भारत बंद के दौरान शताब्दी और जन-शताब्दी के यात्रियों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ा। दरअसल, पंजाब के मानांवाला रेलवे स्टेशन पर धरना दे रहे किसानों ने दोनों गाड़ियों को रोक दिया।
किसानों के बंद भारत के चलते रेलवे ने लगभग 18 से अधिक ट्रेनों को रद्द किया गया है। फिरोजपुर से लुधियाना, जालंधर, भटिंडा और अमृतसर से पठानकोट-जालंधर जाने वाली ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसके अलावा अमृतसर से फाजिल्का को जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।
उत्तर रेलवे ने जानकारी देते हुए कहा है कि दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर मंडलों में रेल परिचालन प्रभावित है क्योंकि किसान रेल की पटरियों पर बैठे हैं। दिल्ली संभाग में 20 से ज्यादा जगहों पर जाम है। अंबाला और फिरोजपुर मंडल में करीब 25 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने जानकारी दी है कि भारत बंद के कारण दिल्ली-गाजीपुर की तरफ से आने-जाने वाले दोनों मार्गों को यातायात के लिए प्रतिबंधित किया गया है। गाजियाबाद की ओर से दिल्ली जाने वाले वाहन गौतमबुद्धनगर से होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे। हेल्पलाइन के लिए लोग 0-9971009001 पर कॉल कर सकते हैं।
अगर आप दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम, नोएडा या आसपास के इलाके में आज न ही जाएं तो सही रहेगा। क्योंकि कई जगह रूट को डायवर्ट किया गया है या फिर रास्ता ही बंद है।
दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर से हैरान करने वाली तस्वीर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों द्वारा आज किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के मद्देनजर जांच की वजह से यह भीड़ लगी है।
उत्तर प्रदेश में संयुक्त किसान मोर्चा के द्वारा आज भारत बंद के ऐलान के चलते नोएडा के डीएनडी में भीषण जाम लग गया है।
किसानों के भारत बंद पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि किसानों का अहिंसक सत्याग्रह आज भी अखंड है। लेकिन शोषण-कार सरकार को ये नहीं पसंद है, इसलिए आज भारत बंद है। हरियाणा के झज्जर में बेरी के भागलपुरी चौक पर किसानों ने जाम लगा दिया है जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
सीएम सिटी खरड़ में भारत बंद को पूरा समर्थन मिल रहा है। बस स्टैंड पर किसानों ने मोर्चा लगाया है। किसान वहीं पर लंगर बना रहे हैं। सारी दुकानें बंद हैं।