बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात हो गई। यहां एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर डाली। हत्या के पीछे क्या वजह है। यह जानने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। छपरौली कस्बे के कुरैशियान मोहल्ले में एक मां द्वारा अपने दो मासूम बच्चों की गला घोंटकर हत्या करने का मामला सामने आया है।
वहीं इस सनसनीखेज वारदात के बारे में पता चलने के बाद मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस ने मासूम बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार की सुबह यानी (आज) दूध वाला आया तो उसने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने दरवाजा नहीं खोला और जोर-जोर से रोने लगी। महिला ने बताया कि उसने अपने दोनों बच्चों को मार दिया है। महिला ने कहा पहले पुलिस को बुलाओ तब दरवाजा खोल दूंगी।
इसके बाद आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। इस दर्दनाक घटना को देखने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। उधर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतक बच्चों के दादा शहीद ने बताया कि उसका पुत्र गुलाब कुरेशी कपड़े की फेरी लगाने का कार्य करता है। एक दिन पहले ही वह फरीदाबाद गया है। उसकी पत्नी दो बच्चों के साथ अलग मकान में रहती है। वह दूसरे मकान में रहते हैं।
उनकी पुत्रवधू ने गुरुवार रात में पांच वर्षीय पुत्री अलशिफा और आठ वर्षीय पुत्र उमेर की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। महिला ने दोनों बच्चों की हत्या क्यों की अभी इसके बारे में कुछ जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की तहकीकात की लेकिन, बच्चों की हत्या का कारण पता नहीं चला है।