कोलकत्ता। विश्व कप में अब तक दोनों टीमों के बीच पांच मुकाबले खेले गए हैं। अफ्रीकी टीम को तीन जीत मिली है। उसने 1992, 1999 और 2011 में जीत हासिल की है। दूसरी ओर, भारत को जीत मिली है। टीम इंडिया ने उसे 2015 और 2019 में हराया है।
विश्व कप के अपने आठवें मैच में भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी। टूर्नामेंट का 37वां मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। टीम इंडिया की नजर लगातार आठवीं जीत पर होगी। वह इस विश्व कप में एक भी मैच नहीं हारी है।
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने दमदार प्रदर्शन किया है। उसने सात में से छह मैच जीते हैं। उसे एकमात्र हार नीदरलैंड के खिलाफ मिली थी। उसकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों काफी खतरनाक है। उसने पिछले चार मैचों में जीत हासिल की है। ऐसे में मजबूत अफ्रीकी टीम के सामने भारतीय खिलाड़ियों की असली परीक्षा होगी।
भारतीय टीम सात मैच में सात जीत के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर है। उसके खाते में 14 अंक है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका सात मैच में छह जीत के साथ दूसरे नंबर पर है। उसके 12 अंक हैं। कोलकाता में मैच को जीतने वाली टीम अंक तालिका में शीर्ष पर रहेगी। अगर भारत जीतता है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका जीतता है तो उसके 14 अंक होंगे। उसका नेट रनरेट (+2.290) भारत के नेट रनरेट (+2.102) से बेहतर है।
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच भारतीय समयानुसार कल दोपहर दो बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी दोपहर 1:30 बजे होगा।
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर हो रहा है। प्रशंसक स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर अलग-अलग भाषा में मैच का आनंद ले सकते हैं। डीडी फ्री डिश इस्तेमाल करने वाले दर्शक डीडी स्पोर्ट्स पर फ्री में मैच देख सकते हैं।