बागपत। बड़ौत में बिनौली थाना क्षेत्र के शाहपुर बाणगंगा गांव के जंगल में लगे एक जाल में तेंदुआ फंस गया। उधर लगातार सूचना देने के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिसके बाद लोगों ने हंगामा कर दिया। वहीं तेंदुए के साथ सेल्फी खींचने को लेकर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह तेंदुआ एक जाल में फंसा हुआ था। ग्रामीणों का आरोप है कि सुबह तीन बजे तेंदुए की आवाज आ रही थी। वह जोर-जोर से दहाड़ रहा था। कहा कि जब हम वहां गए तो तेंदुआ एक फंदे में फंसा हुआ था। इसके बाद ग्राम प्रधान ने वन विभाग को सूचना दी।
आरोप है कि सूचना देने के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। हालांकि बाद में मामला बढ़ता देख स्थानीय पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को रेस्क्यू करने में जुट गई। वन विभाग फंदे की बात को नकार रहा है, लेकिन लोगों का आरोप है कि कुछ लोग सेह, सूअर को मारने के लिए फंदे का प्रयोग कर रहे हैं। इसी फंदे में तेंदुआ फंसा होगा। जहां पर तेंदुआ फंसा था वहां पर एक तार में क्लच वायर को बांधा गया था। यहां पर खाई थी।
वन विभाग की टीम मौके पर भेजी है, यदि सूचना सही मिली तो मौके पर तेंदुएं को रेस्क्यू करने के लिए टीम को भेजा जाएगा।- सुनेन्द्र सिंह रेंजर बड़ौत।