मुजफ्फरनगर।  रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने सीएम को बताया कि 20 साल से चौधरी साहब की प्रतिमा पन्नी में लिपटी हुई है। इसके अनावरण के लिए सीएम से फरवरी माह में समय मांगा है।

रालोद विधायक ने बताया कि उन्होंने किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ सीएम से मुलाकात की। इस दौरान परासौली में चौधरी साहब की प्रतिमा, गायत्री वाटिका और अनावरण नहीं होने की जानकारी दी गई। सीएम से मांग रखी गई कि फरवरी माह में अनावरण का समय दिया जाए, ताकि कार्यक्रम कराया जा सके। इसके अलावा गौतमबुद्धनगर के किसानों की समस्याओं को भी रखा गया। इस मौके पर सुखबीर सिंह खलीफा , रुपेश वर्मा, सोरेन सिंह, इंद्रवीर सिंह भाटी, जनार्दन भाटी मौजूद रहे।

चौधरी चरण सिंह हिंडन-कृष्णा दोआबा नहर प्रणाली का लोकार्पण 15 जनवरी 2004 को तत्कालीन सिंचाई विभाग की मंत्री अनुराधा चौधरी ने किया था। बुढ़ाना क्षेत्र के परासौली गांव के पास सिंचाई विभाग की जमीन पर वाटिका का निर्माण कर किसान मसीहा की प्रतिमा भी स्थापित की गई। लोअर खंड की जमीन पर प्रतिमा होने के चलते विभाग ही पहल करेगा, लेकिन 20 साल बाद भी अनावरण पर निर्णय नहीं हो सका। यही वजह है कि चौधरी साहब की प्रतिमा पन्नी में लिपटी हुई है। अमर उजाला ने 24 दिसंबर 2024 के अंक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।

कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, सांसद चंदन चौहान और विधायक राजपाल बालियान ने डीएम को पत्र भेजकर रिपोर्ट मांगी है।

प्रशासन ने प्रतिमा स्थल के पास सुंदरीकरण का कार्य शुरू करा दिया है। साफ-सफाई कराई जा रही है।

अखिल भारतीय जाट महासभा ने प्रशासन की ओर से कोई कदम नहीं उठाए जाने पर अनावरण का एलान किया गया था।

जनपद जाट महासभा ने प्रशासन की ओर से कोई कदम नहीं उठाए जाने पर 20 जनवरी को खुद ही अनावरण करने की बात कही।

अंतरराष्ट्रीय जाट संसद के पदाधिकारी अंकित बालियान ने 23 जनवरी को चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के अनावरण का एलान किया है।

जनपद जाट महासभा के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इसके अलावा प्रतिमा स्थल का दौरा भी किया था।