मुजफ्फरनगर। एशिया की सबसे बड़ी गुड़ मंडी के शीतगृहों में इस बार मध्य प्रदेश का गुड़ भी रखा जा रहा है। व्यापारी मध्य प्रदेश से तीन हजार रुपये क्विंटल गुड़ खरीद कर ला रहे हैं। यहां पर गुड़ 3800 से 4000 रुपये क्विंटल तक बिक रहा है। मध्य प्रदेश से लाए गुड़ में अच्छा मुनाफा है।
देश में चीनी के दामों में उछाल आने के बाद यहां गुड़ के दाम भी महंगे हैं। चीनी और गुड़ के दामों ने गन्ना मूल्य में प्राइसवार कर दी है। इसका लाभ किसानों को मिल रहा है। गुड़ के दाम इस बार मध्य प्रदेश में कम है। जिले के कई व्यापारी एमपी से सीधे गुड़ मंगाकर शीतगृहों में स्टॉक कर रहे हैं।
गुड़ व्यापारी अचिंत मित्तल ने बताया कि एमपी में गुड़ के दाम तीन हजार रुपये क्विंटल है। तीन सौ रुपये क्विंटल का खर्च यहां तक लाने का है। इसके बाद भी एमपी का गुड़ यहां के गुड़ से कम दामों में पड़ रहा है। कुछ व्यापारी एम से गुड़ मंगा रहे हैं। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी जिले के लोग ही गुड़ बनाते हैं। कोल्हू पर यहीं के लोग कार्य करते हैं।
एशिया की सबसे बड़ी गुड़ मंडी के शीतगृहों में होने वाले गुड़ भंडारण में तेजी आई है। गत वर्ष 30 जनवरी तक तीन लाख 91 हजार 938 गुड़ के कट्टों का भंडारण हुआ था, इस बार इस समय तक चार लाख दो हजार 827 गुड़ के कट्टों का भंडारण हुआ है। जनपद में इस बार दस हजार 889 गुड़ के कट्टों की बढ़ोतरी हुई है।
गुड़ मंडी एसोसिएशन के मंत्री श्याम सिंह सैनी का कहना है कि इस बार मध्य प्रदेश की करेली मंडी से आने वाले इस गुड़ में थोड़ा फर्क है। यहां के गुड़ में थोड़ा खारा पन है।